रिपोर्टर: अतहर खान
Munger : आगामी विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 के भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने कच्ची कांवरिया पथ के एंट्री प्वाइंट ‘कमराय’ का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर काम निपटाने का निर्देश दिया।
Munger 28 जुलाई की डेडलाइन तय, गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 28 जुलाई तक सभी तरह के निर्माण और व्यवस्था संबंधी कार्य हर हाल में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हो जाने चाहिए। डीएम ने समीक्षा करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं (कांवरियों) की यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने चेताया कि काम में किसी भी तरह की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कमराय की प्राकृतिक गुफा बनेगी मुख्य आकर्षण का केंद्र
इस बार के श्रावणी मेले में कमराय स्थित प्राकृतिक गुफा कांवरियों के लिए एक नया और विशेष आकर्षण होगी। डीएम ने बताया कि इस गुफा के सौंदर्यीकरण और यहां जरूरी नागरिक सुविधाएं बहाल करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही पूरे रास्ते में पैदल मार्ग, स्वच्छ पेयजल, रोशनी, साफ-सफाई, विश्राम गृह और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
प्रशासनिक टीम रही मौजूद, युद्धस्तर पर काम करने का आह्वान
निरीक्षण के दौरान मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद समेत विभिन्न संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी तालमेल बैठाकर युद्धस्तर पर काम करने का सुझाव दिया, ताकि देश-विदेश से आने वाले शिवभक्तों को अपनी यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

