RaipurRaipur
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Raipur : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से भ्रष्टाचार और वित्तीय हेराफेरी के खिलाफ एक बड़ी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘भारतमाला परियोजना’ के तहत जमीन मुआवजा वितरण में हुए करोड़ों रुपये के कथित घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कड़ा रुख अपनाते हुए कारोबारी जयप्रकाश गांधी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के तुरंत बाद केंद्रीय जांच एजेंसी ने आरोपी को विशेष अदालत (Special Court) में पेश किया, जहां से उसे गहन पूछताछ के लिए ईडी की रिमांड पर सौंप दिया गया है।

Raipur जांच एजेंसी ने कोर्ट में दाखिल किया परिवाद, शिकंजे में आए आरोपी

सूत्रों के अनुसार, इस हाई-प्रोफाइल घोटाले को लेकर ईडी की टीम पिछले लंबे समय से साक्ष्य जुटा रही थी। गिरफ्तारी से ठीक एक दिन पहले ही जांच एजेंसी ने इस मामले से जुड़े अहम दस्तावेजों के साथ विशेष अदालत में अपनी आधिकारिक शिकायत (परिवाद) दर्ज कराई थी। इसके बाद कार्रवाई करते हुए कारोबारी जयप्रकाश गांधी को हिरासत में लिया गया। ईडी रिमांड के दौरान आरोपी से वित्तीय लेन-देन, फर्जी खातों और घोटाले से जुड़े अन्य सफेदपोशों के नामों का पता लगाने की कोशिश करेगी।

Raipur मुख्य आरोपी हरमीत सिंह खनूजा अब भी फरार, धरपकड़ के लिए छापेमारी तेज

इस पूरे मुआवजा घोटाले में ईडी ने मुख्य आरोपी हरमीत सिंह खनूजा सहित कुल चार लोगों को नामजद किया है। जहां एक तरफ जयप्रकाश गांधी पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है, वहीं मुख्य साजिशकर्ता हरमीत सिंह खनूजा अब भी कानून की नजरों से बचकर फरार चल रहा है। ईडी की विभिन्न टीमें फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और लुकआउट नोटिस सहित अन्य कड़े कानूनी उपाय करने की तैयारी में हैं।

Raipur मुआवजे के नाम पर सरकारी खजाने को चंपत लगाने और बदसलूकी का आरोप

ईडी की जांच में यह बात सामने आई है कि भारतमाला हाईवे प्रोजेक्ट के लिए अधिगृहीत की गई जमीनों के बदले दिए जाने वाले सरकारी मुआवजे में बड़े पैमाने पर हेरफेर, कागजों में जालसाजी और नियमों की अनदेखी कर अपात्र लोगों को फायदा पहुंचाया गया। इस मामले की संवेदनशीलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जांच के दौरान ईडी के एक अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार और बदसलूकी का मामला भी दर्ज हुआ है। फिलहाल एजेंसी इस पूरे नेक्सस को पूरी तरह से ध्वस्त करने के लिए कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

ये भी पढ़े: Palari Municipal Election में कांग्रेस का परचम: अध्यक्ष पद पर यानेश साहू की रोमांचक जीत, भाजपा को दी पटखनी