PunePune
Spread the love

रिपोर्टर: काजल शर्मा

Pune Ketan Agarwal Murder Case : महाराष्ट्र के मशहूर बिजनेसमैन केतन विशाल अग्रवाल की हत्या के मामले में पुणे ग्रामीण पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले और रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर इस पूरी वारदात को एक बेहद सोची-समझी खौफनाक साजिश के तहत अंजाम दिया था। केतन को रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने इंटरनेट पर हत्या करने के कई तरीके सर्च किए थे।

Pune Ketan Agarwal Murder Case इंटरनेट पर ढूंढा मर्डर का तरीका, 6 महीने में कीं 2000 से ज्यादा कॉल्स

पुणे (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि टेक्निकल सर्विलांस और कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड (CDR) की जांच में हैरान करने वाले तथ्य मिले हैं। आरोपी सिया और चेतन के बीच 1 जनवरी से 18 जून के बीच 2,000 से अधिक बार फोन पर बातचीत हुई थी। इनमें से कई कॉल्स तो दो से तीन घंटे तक लंबी होती थीं।

हैरानी की बात यह है कि लोहगढ़ किले की पहाड़ी से धक्का देकर केतन की हत्या करने से ठीक पहले, दोनों आरोपियों ने अपने मोबाइल पर यह सर्च किया था कि किसी इंसान को मौत के घाट कैसे उतारा जाए। घटना वाले दिन भी दोनों पहले एक कैफ़े में मिले, जहाँ केतन को खत्म करने का आखिरी ब्लूप्रिंट तैयार किया गया।

Pune Ketan Agarwal Murder Case करोड़ों का बिजनेस साम्राज्य और उदयपुर में होने वाली थी रॉयल वेडिंग

महज 25 वर्षीय मृतक केतन अग्रवाल महाराष्ट्र में वेयरहाउस बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनियों में से एक ‘सक्सेस ग्रुप’ में डायरेक्टर थे। इसी साल फरवरी में परिवार की रजामंदी से केतन की सगाई पुणे के ही एक और रईस कारोबारी परिवार की बेटी सिया गोयल (20) से हुई थी। आने वाले नवंबर महीने में राजस्थान के उदयपुर में दोनों की आलीशान शादी होनी थी, जिसके लिए होटल भी बुक हो चुके थे। केतन के परिवार को दूर-दूर तक अंदाजा नहीं था कि जिसे वे अपनी बहू बनाने जा रहे हैं, वह गुपचुप तरीके से चेतन चौधरी (22) नाम के युवक से प्यार करती है।

Pune Ketan Agarwal Murder Case सामाजिक दबाव में की सगाई, फिर चुना खौफनाक रास्ता

लोनावला रूरल पुलिस के सीनियर इंस्पेक्टर और जांच अधिकारी दिनेश तायडे के अनुसार, सिया इस अरेंज मैरिज के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थी। लेकिन वह समाज के डर और परिवार की प्रतिष्ठा के कारण अपने प्रेम संबंधों के बारे में खुलकर बात नहीं कर पाई। परिवार के दबाव में उसने सगाई तो कर ली, लेकिन केतन को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

कानूनी कार्रवाई: वारदात को अंजाम देने के बाद भी दोनों लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत मुकदमा दर्ज कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।

ये भी पढ़े: Cricketer Akash Deep Wedding: क्रिकेट स्टार आकाशदीप ने अक्षिता संग लिए सात फेरे, वाराणसी के फाइव स्टार होटल में जुटीं फिल्मी और खेल जगत की हस्तियां