रिपोर्टर: देव पमार
New Delhi : भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर अपने दिन की शुरुआत के कुछ बेहद भावुक और यादगार पल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर साझा किए हैं। 15 अगस्त को लाल किले के ऐतिहासिक प्राचीर के लिए प्रस्थान करने से ठीक पहले पीएम मोदी ने अपने आवास पर मोरों को दाना चुगाया और गायों को दुलारते हुए चारा खिलाया। यह वीडियो इंटरनेट पर आते ही तेजी से प्रसारित हो गया और देश-दुनिया के लोगों का दिल जीत रहा है।
New Delhi प्राकृतिक लगाव और सुबह की नियमित दिनचर्या
साझा की गई वीडियो क्लिप में देखा जा सकता है कि प्रधानमंत्री पारम्परिक परिधान और साफा बांधकर ध्वजारोहण के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अपने आवास 7 लोक कल्याण मार्ग से बाहर निकलते ही मोर और गायें उनके पास आ जाती हैं। प्रधानमंत्री ने पोस्ट में लिखा कि बेज़ुबान प्राणियों को भोजन कराना उनकी दैनिक दिनचर्या का अहम हिस्सा है। उन्होंने लिखा कि उनके इन ‘दोस्तों’ को शायद आभास हो गया था कि वे जल्दी में हैं, इसलिए वे लाल किले रवाना होने से ठीक पहले उनसे मिलने आ पहुँचे।
New Delhi पुंगनूर नस्ल की गाय और दीपज्योति से जुड़ाव
उल्लेखनीय है कि पीएम आवास में आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले की प्रसिद्ध पुंगनूर नस्ल की गायें मौजूद हैं, जो दुनिया की सबसे छोटी गाय नस्लों में शुमार हैं। कुछ समय पूर्व ही उनके आवास पर पुंगनूर गाय के एक बछड़े का जन्म हुआ था, जिसका नाम प्रधानमंत्री ने ‘दीपज्योति’ रखा था। बेज़ुबान पक्षियों और गायों के साथ प्रधानमंत्री के इस तरह के अनूठे लगाव के दृश्य पहले भी कई मौकों पर देशवासियों का ध्यान आकर्षित करते रहे हैं।
80वें स्वतंत्रता दिवस पर 13वीं बार फहराया तिरंगा
इस खास शुरुआत के बाद प्रधानमंत्री मोदी लाल किले पहुँचे, जहाँ उन्होंने लगातार 13वीं बार तिरंगा फहराकर देश को संबोधित किया। अपने भाषण की शुरुआत उन्होंने ‘वंदे मातरम’ के उद्घोष से की और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश की 12 वर्षों की उपलब्धियों का लेखा-जोखा देशवासियों के सामने रखा।
ये भी पढ़े: कल्याणपुरी में सफाई कर्मचारी की नृशंस हत्या से फैला तनाव, सफाईकर्मियों ने ठप किया काम, हड़ताल की चेतावनी

