रिपोर्टर: सोनू कुमार
Delhi : राजधानी दिल्ली के पूर्वी क्षेत्र अंतर्गत कल्याणपुरी इलाके में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब दिनदहाड़े एक सफाई कर्मचारी की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में स्थानीय सफाईकर्मियों ने एकजुट होकर सफाई कार्य पूरी तरह से बंद कर दिया है और पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
Delhi लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के बाहर लगा जमावड़ा
वारदात के तुरंत बाद घायल सफाईकर्मी को इलाज के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही इस घटना की जानकारी अन्य कर्मचारियों को मिली, भारी संख्या में सफाईकर्मी अस्पताल परिसर के बाहर एकत्र हो गए। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सहकर्मियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आरोपी को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो पूरी दिल्ली में सफाई व्यवस्था ठप कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
Delhi स्थानीय विधायक का सख्त रुख और एनकाउंटर की मांग
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक कुलदीप मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार तथा साथी सफाईकर्मियों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए बयान दिया कि आरोपी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए। विधायक के कड़े बयानों के बाद इलाके में राजनीतिक और सामाजिक माहौल और अधिक गरमा गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुट गई हैं। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावर की पहचान की जा सके। इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में रहे। स्थानीय लोगों ने राजधानी में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए गश्त बढ़ाने की मांग की है।
ये भी पढ़े: अमित शाह का कांग्रेस पर तीखा हमला: ‘वंदे मातरम्’ का अपमान देश कभी माफ नहीं करेगा, सोनिया गांधी मांगें माफी

