रिपोर्टर: संताेष सरावगी
Pichhore : पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, पिछोर में विद्यालय प्रबंधन और सलाहकार समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता ग्वालियर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (IAS) सोजन सिंह रावत ने की। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन-अर्चन और छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई।

Pichhore शैक्षणिक उपलब्धियों और पूर्व कार्यों की प्रगति की हुई समीक्षा
समारोह के प्रारंभ में प्राचार्य अविनाश मिश्रा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया, जिसके बाद प्रशांत चंसोरिया ने सभी आमंत्रित सदस्यों का परिचय कराया। भूगोल शिक्षक शैलेंद्र सिंह ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट व उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। बैठक के दौरान पिछली बैठकों में तय किए गए कार्यों की समीक्षा की गई, जिस पर अध्यक्ष रावत ने लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को कड़े निर्देश जारी किए।

विद्यार्थियों की सुरक्षा प्राथमिकता, ओवरब्रिज और खेल सुविधाओं पर जोर
छात्रों को खेल परिसर में जाने के लिए सड़क पार करनी पड़ती है, जिसे ध्यान में रखते हुए उनकी सुरक्षा के लिए ओवरब्रिज/अंडरपास और गति अवरोधक (Speed Breakers) बनाने की योजना पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा विद्यालय के निकट स्ट्रीट लाइटें लगाने, नया रनिंग ट्रैक तैयार करने और कबड्डी मैट की व्यवस्था करने जैसे मुद्दों पर सहमति बनी।
अधिकारियों ने छात्रों के साथ किया संवाद और ग्रहण किया भोजन
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री स्वीटी मंगल, स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और अभिभावक प्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी ने कक्षाओं का भ्रमण कर छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया, उनका मार्गदर्शन किया और विद्यार्थियों के साथ ही दोपहर का भोजन भी ग्रहण किया।
ये भी पढ़े: नीट विवाद और छात्र आंदोलन के बीच धर्मेंद्र प्रधान का बड़ा कदम: केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से दिया इस्तीफा

