RajgarhRajgarh
Spread the love

Rajgarh : मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले स्थित नरसिंहगढ़ में एक सांदीपनी स्कूल के लोकार्पण समारोह के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिला। कार्यक्रम के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। धक्का-मुक्की और बहसबाजी के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष को थप्पड़ मारने की घटना सामने आई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Rajgarh मंच पर बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद, विधायक पुत्र से तीखी बहस

मिली जानकारी के अनुसार, नरसिंहगढ़ में आयोजित लोकार्पण समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री चैतन्य कश्यप और कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम में पहुंचे कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया और उपाध्यक्ष पर्वत सिंह यादव पहले नीचे बैठे थे, जिन्हें बाद में नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा ने मंच पर बुलाया। मंच पर चर्चा के दौरान विधायक के पुत्र और जिला पंचायत अध्यक्ष के बीच अचानक कहासुनी शुरू हो गई, जिसने जल्द ही उग्र रूप ले लिया।

पुलिस बीच-बचाव में जुटी, बुजुर्ग ने जड़ा थप्पड़

हंगामा बढ़ते देख पुलिस प्रशासन ने स्थिति संभालने की कोशिश की और जिला पंचायत अध्यक्ष को मंच से नीचे लाने लगी। इसी दौरान भीड़ में मौजूद कार्यकर्ताओं ने धक्का-मुक्की की और एक बुजुर्ग ने जिला पंचायत अध्यक्ष के गाल पर थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना के बाद माहौल और ज्यादा गरमा गया। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस जिला पंचायत अध्यक्ष और कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को थाने ले गई।

कांग्रेस में भारी आक्रोश, शनिवार को नरसिंहगढ़ में बड़े प्रदर्शन का ऐलान

इस पूरे घटनाक्रम और अभद्रता के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने सत्तापक्ष पर तानाशाही का आरोप लगाया है। वहीं घटना से नाराज राजगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार दोपहर 12 बजे नरसिंहगढ़ में बड़े पैमाने पर धरना-प्रदर्शन और घेराव करने की चेतावनी दी है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था और राजनीतिक मर्यादा को लेकर लोग लगातार सवाल उठा रहे हैं।

ये भी पढ़े: साइबर ठगी पर जामताड़ा पुलिस का बड़ा प्रहार: फर्जी APK भेजकर बिजली उपभोक्ताओं को लूटने वाला शातिर गिरफ्तार