रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Satna : मध्य प्रदेश के सतना स्थित देवांगना घाटी में हुए चर्चित सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। भरतकूप थाना क्षेत्र के मड़फा जंगल में हुई एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, उसके दो अन्य साथी घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश में बड़े पैमाने पर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
Satna मड़फा के जंगलों में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़
शनिवार शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वारदात में शामिल आरोपी बाइक पर सवार होकर मड़फा जंगल के रास्ते भागने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर बहिलपुरवा थाना पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके की नाकेबंदी की।
- जवाबी फायरिंग में मुख्य आरोपी घायल: खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर अवैध असलहों से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ भोले पटेल के पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।
- पुलिसकर्मी भी घायल: इस दौरान बहिलपुरवा थाने के सिपाही राघवेंद्र की बांह में गोली लगने से वे घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार, तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र उर्फ भोले पटेल पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह इस जघन्य कांड का मुख्य सूत्रधार है। मुठभेड़ के दौरान उसके दो साथी प्रवीण पटेल और विवेक पटेल जंगल के रास्ते फरार हो गए। पुलिस की कई टीमें देर रात तक जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाती रहीं और दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
जानिए क्या था देवांगना घाटी गैंगरेप मामला
22 जुलाई की शाम सतना जिले की रहने वाली एक 20 वर्षीय युवती अपने दोस्त के साथ देवांगना घाटी घूमने आई थी। आरोप है कि बाइक से पहुंचे तीन दरिंदों ने उसके साथी को बंधक बना लिया और युवती को जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया।
- तकनीकी साक्ष्यों से खुली गुत्थी: पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 18 अलग-अलग स्थानों के 374 सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
- सघन जांच: लगभग 58 संदिग्धों से पूछताछ की गई और करीब 6 हजार मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल व लोकेशन का विश्लेषण करने के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही।
ये भी पढ़े: तमिलनाडु की अवैध पटाखा फैक्ट्री में बड़ा विस्फोट, केमिकल घर्षण से 2 मजदूरों की मौत, 1 गंभीर

