रिपोर्टर: गनेश सिंह
Nainital : सरोवर नगरी के मल्लीताल क्षेत्र में एक 20 वर्षीय छात्रा की मौत से सनसनी फैल गई है। स्टाफ हाउस इलाके में रहने वाली छात्रा का शव बीती रात उसके कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जाँच कर रही है।

Nainital सुबह कमरे में मिला फंदे से लटका शव
मृतक छात्रा डीएसबी कैंपस (DSB Campus) में अध्ययनरत थी। परिजनों के अनुसार, वह रोज की तरह रात को खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। अगली सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को चिंता हुई। कमरे के भीतर झांकने पर छात्रा को फंदे से लटका देख परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने तुरंत पुलिस और आपातकालीन सेवा 108 को इसकी जानकारी दी।
Nainital जाँच में जुटी पुलिस और फोरेंसिक टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए मल्लीताल पुलिस के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। सीओ नैनीताल, रविकांत सेमवाल ने बताया कि शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं की गई है। फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
Nainital आत्महत्या के कारणों की तलाश
छात्रा ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस अब छात्रा के मोबाइल फोन रिकॉर्ड्स और उसके कॉलेज के दोस्तों से पूछताछ कर रही है ताकि मौत के पीछे के संभावित कारणों का पता लगाया जा सके। इस दुखद घटना के बाद स्टाफ हाउस क्षेत्र और डीएसबी कैंपस में शोक की लहर है।
ये भी पढ़े: Weather Update: अगले 5 दिनों में बदलेगा मौसम, बारिश-आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट

