रिपोर्टर: अतहर खान
Munger : सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर नकली रूतबा दिखाने का खतरनाक चलन अब मुंगेर के युवाओं के लिए गले की फांस बनता जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से इंटरनेट पर एक वीडियो तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है, जिसमें कुछ लड़के नदी के किनारे खुलेआम हाथों में पिस्टल लेकर अठखेलियां और हंसी-मजाक करते दिख रहे हैं। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया है। पुलिस ने वीडियो में दिख रहे हुड़दंगी युवकों की शिनाख्त कर ली है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
Munger कैमरे के सामने मौत से खिलवाड़: जरा सी चूक और हो जाता बड़ा हादसा
वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कैसे कुछ लड़के नदी किनारे खड़े होकर हथियार से खेल रहे हैं। हद तो तब हो गई जब एक युवक पिस्टल में गोलियों से भरी मैगजीन लोड करता है, उसे कॉक (लोन) करता है और फिर मजाक-मजाक में ही दूसरे दोस्त की तरफ तान देता है। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले नजारे को देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि अगर उंगली जरा भी ट्रिगर पर दब जाती, तो खेल ही खेल में किसी की जान जा सकती थी। बताया जा रहा है कि यह सनसनीखेज वीडियो खड़गपुर प्रखंड के किसी नदी तटीय इलाके का है।
Munger गंगटा पुलिस ने की पहचान, हथियार के ‘अवैध’ होने का शक
मामले की गूंज जैसे ही गंगटा थाने तक पहुंची, पुलिस ने बिना वक्त गंवाए मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कर दीं। गंगटा थाना अध्यक्ष (SHO) ने पुष्टि की है कि वीडियो में नजर आ रहे सभी लड़के इसी थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों के रहने वाले हैं और उनकी पहचान पूरी कर ली गई है। पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि वीडियो में दिख रहा असलहा लाइसेंसी है या फिर लड़के किसी अवैध देसी कट्टे या पिस्टल का प्रदर्शन कर रहे थे। इसके साथ ही वीडियो कब और किस मकसद से बनाया गया, इसकी भी पड़ताल जारी है।
Munger रील के चक्कर में ‘जेल’ की नौबत, पुलिस की सख्त चेतावनी
प्रशासनिक अधिकारियों ने सख्त लहजे में कहा है कि किसी भी सार्वजनिक या खुले स्थान पर हथियारों का भौकाल दिखाना और इस तरह की लापरवाही बरतना आर्म्स एक्ट के तहत एक गंभीर और गैर-जमानती अपराध है। पुलिस का कहना है कि इन लड़कों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर समाज के सामने यह बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि चंद लाइक्स और सोशल मीडिया पर झूठी धौंस जमाने की चाहत में युवा पीढ़ी अपने भविष्य को कितनी आसानी से दांव पर लगा रही है।
ये भी पढ़े: Punjab Civic Elections: BJP की साढ़े तीन गुना बड़ी छलांग, क्या 2027 के लिए बनेगी ‘संजीवनी’?

