MorenaMorena
Spread the love

रिपोर्टर: प्रताप सिंह बघेल

Morena : मध्य प्रदेश के मुरैना शहर में मेडिकल संचालकों की लापरवाही और नशे के अवैध कारोबार का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर में डॉक्टर के पर्चे के बिना ‘Pregacap-300’ टैबलेट बेचे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था और ड्रग विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

दोगुनी-तिगुनी कीमत पर नशे के लिए बिक्री

Morena वायरल वीडियो और स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, मुरैना के कई मेडिकल स्टोर्स पर Pregacap-300 का खुलेआम दुरुपयोग हो रहा है। नसों के दर्द में इस्तेमाल होने वाली इस दवा को युवा नशे के रूप में धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहे हैं। आरोप है कि दुकानदारों द्वारा यह दवा बिना किसी डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के, तय कीमत से दो से तीन गुना ज्यादा दाम वसूल कर बेची जा रही है।

युवाओं के स्वास्थ्य पर मंडरा रहा बड़ा खतरा

Morena चिकित्सकों के मुताबिक, Pregacap-300 में प्रीगाबालिन नामक सॉल्ट होता है, जिसका अनियंत्रित और बिना डॉक्टर की सलाह के सेवन घातक साबित हो सकता है। इस की ज्यादा मात्रा लेने से अत्यधिक नींद, चक्कर आना, बेहोशी और सांस लेने में गंभीर तकलीफ जैसी समस्याएं हो सकती हैं। मेडिकल स्टोर्स पर इसकी आसान उपलब्धता के कारण शहर का युवा वर्ग तेजी से इसकी लत की चपेट में आ रहा है, जो चिंता का विषय है।

ड्रग विभाग की खामोशी और नकली दवाओं के गंभीर आरोप

Morena शहर में सिर्फ नशे की गोलियां ही नहीं, बल्कि नकली दवाओं के अवैध कारोबार को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। चर्चा है कि पड़ोसी राज्य के आगरा शहर से नकली दवाओं की खेप लाकर ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर मुरैना के बाजारों में खपाई जा रही है। हाल ही में पुलिस द्वारा इंजेक्शन जब्ती की बड़ी कार्रवाई के बाद भी ड्रग विभाग की चुप्पी और सुस्त रवैया कई बड़े सवाल खड़े कर रहा है कि आखिर कब तक इस अवैध कारोबार पर लगाम लगेगी।

ये भी पढ़े: औरंगाबाद के दाउदनगर में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का शानदार स्वागत, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह