RaipurRaipur
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Raipur : देश के सबसे चर्चित और बड़े ऑनलाइन बेटिंग मामलों में शामिल महादेव सट्टा ऐप के मुख्य सूत्रधार सौरभ चंद्राकर को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) रायपुर ले आई है। प्रत्यर्पण के जरिए भारत लाए गए आरोपी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा, जहां जांच एजेंसी उससे नेटवर्क से जुड़े गहरे राज उगलवाने के लिए रिमांड की मांग करेगी।

प्रत्यर्पण के बाद रायपुर पहुंचा आरोपी, होगा मेडिकल टेस्ट

Raipur अंतरराष्ट्रीय पुलिस एजेंसी (Interpol) के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने सौरभ चंद्राकर को हिरासत में लिया था। इसके बाद कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए उसे भारत लाया गया। सीबीआई दफ्तर में सुरक्षित रखे गए आरोपी को अदालत में पेश करने से पहले नियमानुसार उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। यह पहला मौका है जब इतने बड़े सिंडिकेट के मुख्य आरोपी को विदेश से लाकर स्थानीय कोर्ट में पेश किया जा रहा है।

विदेशों से संचालित हो रहा था सट्टेबाजी का करोड़ों का नेटवर्क

Raipur सीबीआई के अनुसार, यह अवैध बेटिंग नेटवर्क भारत के बाहर से विभिन्न पैनलों और फ्रेंचाइजी मॉडल के माध्यम से चलाया जा रहा था। इन पैनलों का उपयोग उपयोगकर्ताओं को जोड़कर क्रिकेट, फुटबॉल और ताश के खेलों पर सट्टा लगाने के लिए होता था। अवैध कमाई को वित्तीय धोखाधड़ी के जरिए कई ‘म्यूल’ (फर्जी) बैंक खातों में घुमाया जाता था और फिर हवाला के माध्यम से रकम को विदेशों में भेज दिया जाता था।

प्रोटेक्शन मनी और प्रशासनिक गठजोड़ के खुलेंगे राज

Raipur सौरभ चंद्राकर पर प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट, धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और जुआ निषेध कानून के तहत मामले दर्ज हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि इस सिंडिकेट को बिना रुकावट चलाने के लिए कई पुलिस अधिकारियों और राजनेताओं को प्रोटेक्शन मनी दी जाती थी। ईडी (ED) पहले ही भारत और विदेशों में स्थित उसकी संपत्तियों को कुर्क कर चुकी है। अब सीबीआई रिमांड के दौरान इस मामले में शामिल बड़े नामों का खुलासा होने की पूरी संभावना है।

ये भी पढ़े: औरंगाबाद के अनूठे गजना धाम: बिना मूर्ति वाले शक्तिपीठ पर सरकारी महोत्सव को लेकर महंत की नाराजगी