रिपोर्टर: प्रताप सिंह बघेल
Morena : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से ऑनर किलिंग की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ प्रेम प्रसंग से खफा एक पिता ने अपनी ही 32 वर्षीय बेटी की बेरहमी से जान ले ली। पहले आरोपी पिता ने साफी से बेटी का गला घोंटा और जब इससे भी उसकी सांसें नहीं रुकीं, तो सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात में मृतका का पति भी शामिल रहा, जो बाहर खड़े होकर पहरा देता रहा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
करवा चौथ के बाद शुरू हुआ विवाद
Morena घटना नगरा थाना क्षेत्र के रतन का पुरा गांव की है। मृतका की पहचान पूजा तोमर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पूजा करवा चौथ के दिन घर से मायके जाने की कहकर निकली थी, लेकिन वह वहाँ नहीं पहुँची। अगले दिन जब वह वापस अपने ससुराल लौटी, तो पति रामकिशोर तोमर से उसका विवाद हो गया। इसके बाद पति ने ससुर विजयपाल पवैया को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी।
प्रेमी को फोन करने पर भड़का पिता
Morena सोमवार की सुबह जब पिता विजयपाल बेटी के घर पहुँचा और उसे समझाने का प्रयास किया, तो पूजा ने पिता के सामने ही अपने प्रेमी को फोन लगाना शुरू कर दिया। इससे गुस्साए पिता का आपा खो गया। आरोप है कि उसने साफी से बेटी का गला लपेट दिया और उसे जबरन कमरे के अंदर खींच ले गया। इस दौरान पति रामकिशोर ने भी पत्नी को कमरे में बंद करने और बाहर से कुंडी लगाने में अपने ससुर का पूरा साथ दिया।
ईंट से कुचलकर उतारा मौत के घाट
Morena कमरे के अंदर पहले पिता ने साफी से गला घोंटकर बेटी की जान लेने की कोशिश की, लेकिन जब वह बचती दिखी तो उसने पास पड़ी ईंट उठाकर पूजा के सिर पर कई वार किए। उसने तब तक वार जारी रखे जब तक पूजा की सांसें हमेशा के लिए थम नहीं गईं।
पहले भी दो बार घर छोड़कर जा चुकी थी मृतका
Morena पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतका पूजा इससे पहले भी दो बार अपने प्रेमी के साथ घर से भाग चुकी थी। इसी पारिवारिक रंजिश और प्रेम प्रसंग के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। नगरा थाना पुलिस ने मृतका के पिता विजयपाल पवैया और पति रामकिशोर तोमर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढे: औरंगाबाद में दो दिवसीय ‘गजना महोत्सव-2026’ का भव्य आगाज; डीएम और जनप्रतिनिधियों ने किया उद्घाटन

