MorbiMorbi
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Morbi : गुजरात के मोरबी जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला और उसके चार वर्षीय मासूम बेटे की जान चली गई। यह हृदयविदारक हादसा उस समय हुआ जब महिला अपने बच्चे के साथ खेत में सिंचाई के काम में जुटी हुई थी। इस अप्रत्याशित घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मूंगफली के खेत में काम करने के दौरान हुआ हादसा

Morbi यह दर्दनाक घटना मोरबी जिले के मथाक गांव स्थित एक वाड़ी (खेत) में घटी। 28 वर्षीय मनकुबेन नायका अपने 4 साल के बेटे श्याम राकेश नायका के साथ मूंगफली की फसल में पानी लगा रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदला और गर्जन के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। इससे पहले कि वे सुरक्षित स्थान पर पहुंच पाते, कड़कड़ाती आकाशीय बिजली सीधे मां-बेटे पर आ गिरी, जिससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस ने शुरू की वैधानिक कार्रवाई

Morbi घटना की जानकारी मिलते ही हलवद तालुका पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चराडवा अस्पताल भिजवा दिया है। इस संबंध में आवश्यक पंचनामा तैयार कर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Morbi गांधीनगर स्थित स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन्स सेंटर (SEOC) के आंकड़ों के अनुसार, गुजरात के 200 से अधिक तालुकाओं में बारिश दर्ज की गई है। विशेष रूप से दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र के इलाकों में मानसून सक्रिय है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जना के साथ वर्षा होने की संभावना जताई है, जिससे खेतों में काम करने वाले किसान-मजदूरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

ये भी पढ़े: बीजापुर के एकलव्य आवासीय विद्यालय में 14 वर्षीय छात्रा से यौन उत्पीड़न, आरोपी शिक्षक पर मामला दर्ज