रिपोर्टर: सोनू कुमार
Lawrence Bishnoi Gang US Action : गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके सिंडिकेट के खिलाफ अमेरिका में एक बहुत बड़ी कानूनी कार्रवाई की गई है। अमेरिकी ग्रैंड ज्यूरी ने बिश्नोई गैंग के खिलाफ एक विस्तृत चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें हत्या, जबरन वसूली (रंगदारी) और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे बेहद गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अमेरिकी जांच एजेंसियों का दावा है कि भारत की जेल में बंद होने के बावजूद लॉरेंस बिश्नोई वहीं से अपने वैश्विक नेटवर्क को संचालित कर रहा था।
Lawrence Bishnoi Gang US Action छह देशों में फैला बिश्नोई गैंग का आपराधिक साम्राज्य
अमेरिकी जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नेटवर्क केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में भी पैर पसार चुका है। चार्जशीट के अनुसार, यह गिरोह हत्या, सरेआम गोलीबारी, अपहरण, रंगदारी वसूलने और मानव तस्करी जैसे खूंखार अपराधों में सीधे तौर पर लिप्त रहा है। बिश्नोई जेल के भीतर से ही मोबाइल फोन और इंटरनेट कॉलिंग के जरिए अपने गुर्गों को निर्देश देता था और सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर वारदातों की जिम्मेदारी लेकर दहशत फैलाता था।
Lawrence Bishnoi Gang US Action ड्रग्स तस्करी और नाबालिगों को गैंग में शामिल करने का आरोप
अमेरिकी एजेंसियों का दावा है कि यह सिंडिकेट अमेरिका और कनाडा में बड़े पैमाने पर कोकीन, हेरोइन और मेथामफेटामाइन जैसे घातक नशीले पदार्थों की तस्करी करता था। इतना ही नहीं, यह गैंग दूसरे प्रतिद्वंदी ड्रग्स तस्करों से भी माल लूटकर बेचता था। चार्जशीट में यह भी कहा गया है कि पंजाब के गरीब और नाबालिग युवाओं को पैसे और आलीशान जिंदगी का झांसा देकर इस दलदल में धकेला जाता था और वफादारी दिखाने वाले अपराधियों को अवैध रूप से अमेरिका और कनाडा भेज दिया जाता था।
Lawrence Bishnoi Gang US Action गोल्डी बराड़ पर इनाम और FBI का ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’
विदेशों में इस गैंग का जिम्मा गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा जैसे वांटेड अपराधी संभाल रहे हैं। अमेरिकी संघीय जांच एजेंसी (FBI) ने इस नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ चलाया। इस खुफिया ऑपरेशन के तहत 7 जुलाई को कैलिफोर्निया सहित कई ठिकानों पर छापेमारी कर 20 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जिनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और ड्रग्स बरामद हुए हैं। इसके साथ ही, अमेरिका ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ पर 50,000 डॉलर (लगभग 43 लाख रुपये) के इनाम की घोषणा की है और अदालत से इस गैंग की संपत्तियों को जब्त करने की मांग की है।

