RanchiRanchi
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में छात्रों के उग्र विरोध प्रदर्शन के बीच बड़ी कार्रवाई सामने आई है। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के पूर्व चेयरमैन एल ख्यांगते को सीआईडी (CID) द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी से पूर्व जांच एजेंसी द्वारा उनसे आठ-आठ घंटे लंबी चार दौर की गहन पूछताछ की गई थी। परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर धांधली के आरोप लगने के बाद ख्यांगते ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

Ranchi छात्रों की मांग: JSSC-CGL परीक्षा की हो निष्पक्ष CBI जांच

पूर्व अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बावजूद प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। छात्र JSSC-CGL परीक्षा में हुई अनियमितताओं की निष्पक्ष सीबीआई (CBI) जांच कराने और भर्ती प्रक्रियाओं में बड़े सुधार लागू करने की मांग पर अड़े हुए हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्हें राज्य स्तरीय एजेंसियों की जांच पर भरोसा नहीं है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी मामला दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर चुका है।

Ranchi विधानसभा मार्च में तोड़े बैरिकेड्स, पुलिस का लाठीचार्ज व वाटर कैनन का प्रयोग

अपनी मांगों को लेकर पिछले 17 दिनों से आंदोलनरत छात्रों ने सोमवार को ‘विधानसभा मार्च’ का आह्वान किया था। सुबह पुराने विधानसभा से नए भवन की ओर बढ़ते अभ्यर्थियों ने पुलिस द्वारा लगाई गई कई स्तरीय बैरिकेडिंग को ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया तथा उग्र अभ्यर्थियों पर हल्का लाठीचार्ज भी किया।

सरकार और अभ्यर्थियों के बीच बातचीत बेनतीजा

प्रशासन की ओर से टेंट हटाए जाने और खराब मौसम के बावजूद अभ्यर्थी डटे हुए हैं। राज्य सरकार का दावा है कि अभ्यर्थियों की लगभग 98 प्रतिशत मांगें स्वीकार कर ली गई हैं, जबकि छात्र संगठनों का कहना है कि जब तक सीबीआई जांच और मुख्य मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।

ये भी पढ़े: सावन की दूसरी सोमवारी: बाबा तिलेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक