रिपोर्टर: रतन कुमार
Jamtara : झारखंड के जामताड़ा जिला मुख्यालय के दुमका रोड पर गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। रामजसराय गोपीराम इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार एक युवक की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उस पर सवार दो अन्य दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। इस भीषण हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर दुमका रोड मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
Jamtara पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित होकर डंपर के नीचे घुसी स्कूटी
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस वक्त हुआ जब रेलवे साइडिंग से कोयला अनलोड करके एक डंपर ईंधन भरवाने के लिए इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप की तरफ मुड़ रहा था। इसी दौरान उसके पीछे से एक स्कूटी पर सवार होकर तीन युवक आ रहे थे और वे भी पेट्रोल पंप की ओर जाने लगे। अचानक मोड़ पर स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और तीनों युवक सीधे भारी-भरकम डंपर के पहियों के नीचे आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
Jamtara पुलिस महकमे में शोक की लहर, मां का इकलौता सहारा छीना
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान तीलाबाद निवासी रोनित राय के रूप में हुई है। रोनित जामताड़ा थाने में ही तैनात महिला पुलिसकर्मी कल्पना राय का इकलौता बेटा था। बुढ़ापे के इकलौते लाडले की मौत की खबर जैसे ही पुलिस महकमे और परिवार को मिली, कोहराम मच गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में साथी पुलिसकर्मी, अधिकारी और स्थानीय लोग सदर अस्पताल पहुंचे। रोनित की मां का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे थाना परिसर में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
Jamtara दो घायलों की हालत नाजुक, आक्रोशित भीड़ को समझाने में जुटी पुलिस
हादसे के तुरंत बाद मौके पर तैनात ‘टाइगर मोबाइल’ के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों युवकों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने रोनित को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके दो साथियों की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए धनबाद रेफर कर दिया है। इधर, दुर्घटना से गुस्साए लोगों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाने व डंपर को जब्त करने की कानूनी कार्रवाई में जुट गया है।
ये भी पढ़े: Bhojpur में रफ्तार का कहर: बालू लदे ट्रेलर और यात्री बस में भीषण भिड़ंत, गड्ढे में पलटी बस

