JamtaraJamtara
Spread the love

रिपोर्टर: रतन कुमार

Jamtara : झारखंड के जामताड़ा जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से 10 वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा फतेहपुर के आगैया गांव में हुआ। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम छा गया है और मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Jamtara खेत में काम के दौरान काल बनकर आया तेज रफ्तार ट्रैक्टर

मिली जानकारी के अनुसार, आगैया-सरमुड़ी पंचायत के आगैया गांव (रसीटोला) में रहने वाले कालीशंकर मुर्मू की 10 वर्षीय बेटी मुकू मुर्मू अपने घर के पास स्थित खेत में गोबर डालने के लिए गई थी। इसी दौरान गोबर से लदा एक ट्रैक्टर वहां से गुजरा। ट्रैक्टर चालक की लापरवाही के कारण बच्ची उसकी चपेट में आ गई। यह दुर्घटना इतनी भीषण थी कि गंभीर चोटें आने की वजह से मासूम मुकू ने घटनास्थल पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।

Jamtara मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल, पूरे गांव की आंखें नम

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में ग्रामीण दौड़कर वहां पहुंचे, लेकिन तब तक मासूम की सांसें थम चुकी थीं। अपनी लाडली के बेजान शरीर को देखकर मां बार-बार बेसुध हो रही थी, वहीं पिता की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है और रसीटोला के किसी भी घर में आज चूल्हा नहीं जला है।

Jamtara हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना के बाद ग्रामीणों में वाहन चालक की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना प्रभारी अमर सिंह तापऐ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और बच्ची के शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जामताड़ा भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

ये भी पढ़े: Gujarat: कनाडा में फिर एक भारतीय छात्रा की क्रूर हत्या, 15 मई से लापता गुजरात की विधि का शव अमेरिकी बॉर्डर के पास मिला