रिपोर्टर: रतन कुमार
Jamtara : झारखंड में JSSC और JPSC भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित धांधली के खिलाफ और आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने जामताड़ा में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और छात्रों ने समाहरणालय (उपायुक्त) और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान पूर्व सांसद रविंद्र राय की मौजूदगी में प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
छात्रों की आवाज दबाने का आरोप, सीबीआई जांच की उठी जोरदार मांग
Jamtara प्रदर्शन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय ने राज्य सरकार पर युवाओं के साथ छल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छात्र अपने बेहतर भविष्य और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे, लेकिन सरकार ने अपनी कमियों को छिपाने के लिए परीक्षाओं को स्थगित किया और उल्टा छात्रों पर ही लाठियां चलवाईं। भाजपा ने मांग की कि पूरी भर्ती प्रक्रिया की सीबीआई (CBI) जांच कराई जाए और बेकसूर युवाओं पर दर्ज सभी एफआईआर तुरंत रद्द की जाएं।
सत्ता के बल पर दमनकारी नीति अपना रही है सरकार: भाजपा नेता
Jamtara भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण और पूर्व मंत्री सत्यानंद झा ‘बाटूल’ ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी युवा अपने अधिकारों और परीक्षाओं में हुई धांधली के खिलाफ आवाज उठाते हैं, तो पुलिसिया कार्रवाई के जरिए उनका दमन किया जाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार की इस तानाशाही का जवाब राज्य के युवा आने वाले समय में देंगे और भाजपा छात्रों के हक की यह लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक जारी रखेगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष और स्थानीय नेताओं का मिला समर्थन, बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता
Jamtara जामताड़ा नगर पंचायत की चेयरपर्सन आशा गुप्ता और वरिष्ठ नेता माधव चंद्र महतो ने कहा कि हक मांग रहे छात्र इसी राज्य के भविष्य हैं, उन पर लाठीचार्ज करना सरकार के दोहरे चरित्र को दर्शाता है। कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने किया और धन्यवाद ज्ञापन अभय सिंह ने प्रस्तुत किया। इस घेराव प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष संतान मिश्रा, हरिमोहन मिश्रा, तरुण गुप्ता, मोहन शर्मा, दिलीप हेमब्रम, आभा आर्या, संजू देवी और सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व छात्र मौजूद रहे।
ये भी पढ़े: गैंगस्टर अमृतपाल का मोल्दोवा से प्रत्यर्पण: पंजाब पुलिस को मिली ऐतिहासिक सफलता

