रिपोर्टर: विपिन सचदेवा
Gangster Amritpal Singh : विदेश में बैठकर आपराधिक नेटवर्क चलाने वाले कुख्यात गैंगस्टर अमृतपाल सिंह उर्फ ‘अमृत दलम’ को पंजाब पुलिस भारत वापस ले आई है। ‘ऑपरेशन ईस्टर्न रीच’ (Operation Eastern Reach) के तहत की गई यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के लिए एक बहुत बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। किसी यूरोपीय देश से पंजाब पुलिस द्वारा किया गया यह अब तक का पहला सफल प्रत्यर्पण है।

फर्जी पासपोर्ट पर हुआ था फरार, यूक्रेन भागते वक्त चढ़ा हत्थे
Gangster Amritpal Singh पुलिस जांच के अनुसार, अमृतपाल सिंह अक्टूबर 2024 में ‘गुरपाल सिंह’ नाम के जाली पासपोर्ट के सहारे भारत से भाग निकला था। चंडीगढ़ से बने इस फर्जी पासपोर्ट के जरिए वह सबसे पहले यूएई पहुंचा और वहां से यूरोप के विभिन्न देशों में शरण लेता रहा।
24 फरवरी 2026 को जब वह मोल्दोवा के ओटासी बॉर्डर से अवैध रूप से यूक्रेन में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था, तब स्थानीय अधिकारियों ने उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद पंजाब पुलिस ने केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के समन्वय से उसके खिलाफ जारी रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
6 महीने चला ‘ऑपरेशन ईस्टर्न रीच’ और कानूनी लड़ाई
Gangster Amritpal Singh अमृतपाल को वापस लाने के लिए AGTF और OFTEC पंजाब ने संयुक्त रूप से करीब छह महीने तक एक जटिल अंतरराष्ट्रीय इंटेलिजेंस ऑपरेशन चलाया। मोल्दोवा की अदालत ने 26 मई 2026 को उसके भारत प्रत्यर्पण की मंजूरी दी थी। हालांकि आरोपी ने इस फैसले को ऊपरी अदालत में चुनौती दी, लेकिन 16 जुलाई 2026 को ‘कोर्ट ऑफ अपील सेंट्रू’ (Court of Appeal Centru) ने उसकी याचिका खारिज कर दी।
कानूनी रास्ता साफ होते ही पंजाब पुलिस की 4 सदस्यीय विशेष टीम मोल्दोवा पहुंची और 11 सितंबर 2026 को आरोपी को हिरासत में लेकर बाकू (अजरबैजान) के रास्ते भारत के लिए रवाना हुई।
जग्गू भगवानपुरिया का मुख्य शूटर: दर्ज हैं 21 गंभीर मामले
Gangster Amritpal Singh अमृतपाल सिंह कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के गिरोह का मुख्य हिटमैन रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ पंजाब के अलग-अलग जिलों में 21 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से 17 की जांच जारी है और 4 मामलों में ट्रायल चल रहा है।
उसके खिलाफ हत्या (5 केस), आर्म्स एक्ट (9 केस), यूएपीए व विस्फोटक कानून (1 केस), एनडीपीएस (1 केस) और रंगदारी जैसे संगीन मामले शामिल हैं। इन मुकदमों में सबसे ज्यादा 11 मामले अकेले बटाला जिले में दर्ज हैं, जबकि अन्य केस गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर और लुधियाना में पंजीकृत हैं।
ये भी पढ़े: बाईं करवट सोने के फायदे: एसिड रिफ्लक्स से राहत में हो सकती है मदद

