रिपार्टर: रतन कुमार
Jamtara : जामताड़ा-मिहिजाम मुख्य मार्ग पर बेवा फाटक के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को एंबुलेंस की सहायता से जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया।
Jamtara इलाज के दौरान युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक की पहचान मिहिजाम थाना क्षेत्र के गौराईनाला गांव निवासी 34 वर्षीय उत्पल मंडल के रूप में हुई है, जो जामताड़ा से अपने घर लौट रहे थे। दुर्घटना में उत्पल के सिर और शरीर के अंदरूनी अंगों में गंभीर चोटें आई थीं। सदर अस्पताल के डॉक्टर अताउल ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन स्थिति नाजुक होने के कारण वे जिंदगी की जंग हार गए। परिजनों ने बताया कि उत्पल रात में नाइट गार्ड का काम करते थे और दिन में फेरी लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक हुई मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Jamtara तीन अन्य घायलों का चल रहा इलाज, पुलिस ने वाहनों को जब्त किया
दूसरी बाइक पर सवार बिंदापाथर क्षेत्र के भुगीकाटा निवासी सुधीर सिंह और करमाटांड़ के बनकटी निवासी कपिल राय के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना के सब इंस्पेक्टर अलीत सागर करकेटा पुलिस टीम के साथ पहुंचे और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली है।
Jamtara जामताड़ा-दुमका मार्ग पर एक अन्य हादसा
सड़क हादसों के इस सिलसिले के बीच जामताड़ा-दुमका मार्ग पर भी एक अन्य दुर्घटना की खबर आई है, जहाँ बाइक अनियंत्रित होने से मनोज मुर्मू और श्रीराम बास्की नामक दो युवक घायल हो गए। दोनों घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने चालकों से सड़क पर सतर्कता और नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है।
ये भी पढ़े: जामताड़ा के फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. भास्कर चंद का राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयन, नई दिल्ली में होंगे सम्मानित

