रिपोर्टर: शिवम तिवारी
Datia : नगर में एक बार फिर भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का भव्य संगम देखने को मिलने जा रहा है। राजघाट कॉलोनी स्थित प्रसिद्ध शिव शक्ति मंदिर कल्कि धाम में जगत जननी महामाई की असीम अनुकम्पा और सद्गुरुदेव की कृपा से चतुर्थ सहस्त्रचंडी महायज्ञ का विशाल आयोजन आगामी 20 नवंबर से 29 नवंबर तक किया जाएगा। दस दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
20 नवंबर को गणेश पूजन से होगा शुभारंभ, प्रतिदिन होंगे दिव्य प्रवचन
Datia इस पावन महायज्ञ की शुरुआत 20 नवंबर को विधिवत गणेश पूजन और मंडप पूजन के साथ होगी। आयोजन के दौरान प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक मां भगवती की महिमा पर आधारित दिव्य प्रवचन सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में देश के प्रख्यात संत और विद्वान अपनी वाणी से मां दुर्गा के पावन चरित्र और आध्यात्मिक महत्व का गुणगान करेंगे।
मंदिर परिसर में तैयारियां जोरों पर, यजमान बनने को उत्साहित श्रद्धालु
Datia शिव शक्ति मंदिर समिति द्वारा इस भव्य अनुष्ठान की तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू कर दी गई हैं। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और फूलों से भव्य रूप प्रदान किया जा रहा है। धार्मिक अनुष्ठान में पुण्य लाभ अर्जित करने और मुख्य यजमान बनने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु और भक्तगण आयोजन समिति से लगातार संपर्क कर रहे हैं।
29 नवंबर को पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ होगा समापन
Datia दस दिवसीय इस आध्यात्मिक महोत्सव का समापन 29 नवंबर को भव्य महाअभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूर्णाहुति और विशाल कन्याभोज एवं भंडारे के साथ किया जाएगा। आयोजन समिति के सदस्य सुनील दीक्षित, शिवांश दीक्षित और शान्तनु पुरोहित ने नगर के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं और श्रद्धालुओं से इस पावन महायज्ञ में सपरिवार पधारकर धर्मलाभ उठाने का विनम्र आग्रह किया है।
ये भी पढे: ग्वालियर में ऑक्सीजन टैंकर विस्फोट का खौफनाक CCTV फुटेज आया सामने, धमाके से दहला इंडस्ट्रियल एरिया

