JehanabadJehanabad
Spread the love

रिपोर्टर: सुरेश निखर

Jehanabad : बिहार के जहानाबाद जिले में एनएच-22 पर स्थित टोल प्लाजा पर सोमवार को जमकर बवाल हुआ। टोल कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच उपजा मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। इस दौरान टोल प्लाजा के गार्ड द्वारा की गई फायरिंग में दो युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती के बाद टोल प्लाजा छावनी में तब्दील हो गया है।

Jehanabad बारात में डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

घटना टेहटा थाना क्षेत्र के सेरथुआ टोल प्लाजा की है। जानकारी के अनुसार, उमराईबिगहा गांव से एक बारात जा रही थी। टोल प्लाजा के पास वाहन रुकने पर युवक डीजे की धुन पर नाचने लगे। इसी दौरान टोल कर्मियों के साथ उनकी कहा-सुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। आरोप है कि इसी हंगामे के बीच टोल गार्ड ने अपना आपा खो दिया और अपनी बंदूक से सीधी फायरिंग कर दी।

Jehanabad गोलीबारी में दो युवक घायल, सदर अस्पताल में उपचार जारी

गार्ड की गोलीबारी में दो युवकों को गोली लगी है, जिनकी पहचान उमराईबिगहा निवासी विकास कुमार और रोहित कुमार के रूप में हुई है। वहीं, एक अन्य युवक आदित्य कुमार मारपीट के दौरान गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। तीनों घायलों को आनन-फानन में जहानाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों युवकों को लगी गोली के घाव गहरे हैं और उनका सघन उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में भी ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

Jehanabad पुलिस की त्वरित कार्रवाई: बंदूक जब्त, गांव में छापेमारी

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एएसपी मनोज कुमार पांडेय, सदर एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी और घोसी एसडीपीओ संजीव कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गार्ड की लाइसेंसी बंदूक को जब्त कर लिया है। एएसपी ने बताया कि टोल कर्मियों और ग्रामीणों के बीच पुराना विवाद भी रहा है, जिसकी जांच की जा रही है। एहतियात के तौर पर उमराईबिगहा गांव में भी छापेमारी की गई है ताकि उपद्रवी तत्वों को नियंत्रित किया जा सके। फिलहाल मौके पर स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है।

Also Read This: Katihar सदर अस्पताल में सिस्टम ‘बेहोश’: लेबर ओटी में गर्मी का कहर, ऑपरेशन के दौरान दो महिला डॉक्टर और कर्मी गिरे