रिपोर्टर: गनेश सिंह
Gujarat : कनाडा में रह रहे भारतीय प्रवासियों और छात्रों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कनाडा के नायग्रा क्षेत्र में गुजरात की रहने वाली 22 वर्षीय भारतीय छात्रा विधि मेघा की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। विधि पिछले कुछ दिनों (15 मई) से अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई थी, जिसकी तलाश की जा रही थी। अब अमेरिकी सीमा के नजदीक नायग्रा इलाके से उसका शव बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया है।
Gujarat उच्च शिक्षा और बेहतर भविष्य का सपना लेकर कनाडा गई थी विधि
मूल रूप से गुजरात के आणंद जिले के बोरसद की रहने वाली विधि मेघा उच्च शिक्षा हासिल करने और वहां परमानेंट रेजिडेंसी (PR) पाने का सपना लेकर कनाडा आई थी। वह यहाँ अपनी पढ़ाई पूरी करने के साथ-साथ अपने दैनिक खर्चों को उठाने के लिए पार्ट-टाइम नौकरी भी कर रही थी। 15 मई को अचानक लापता होने के बाद से ही उसके दोस्त और स्थानीय पुलिस उसकी तलाश में जुटे थे। पुलिस को मिले विधि के शव पर चाकू से गोदने के गहरे निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि उसकी हत्या बेहद सुनियोजित और क्रूर तरीके से की गई है। कनाडाई पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर हत्यारों की तलाश तेज कर दी है।
Gujarat बीते कुछ समय में भारतीय छात्रों को लगातार बनाया गया निशाना
कनाडा में भारतीय छात्रों की संदिग्ध परिस्थितियों या हिंसक वारदातों में मौत का यह पहला मामला नहीं है। पिछले कुछ महीनों में ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं जिन्होंने वहां रह रहे भारतीय समुदाय को झकझोर कर रख दिया है:
- दिसंबर 2025: टोरंटो यूनिवर्सिटी के स्कारबोरो कैंपस के पास 20 वर्षीय भारतीय डॉक्टरेट छात्र शिवांक अवस्थी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनका शव हाईलैंड क्रीक ट्रेल के पास मिला था।
- अप्रैल 2025: हैमिल्टन में एक बस स्टॉप पर खड़ी 21 वर्षीय भारतीय छात्रा हरसिमरत रंधावा दो गुटों के बीच हुई गैंगवार की क्रॉस फायरिंग की चपेट में आ गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई।
- दिसंबर 2024: एडमॉन्टन के एक अपार्टमेंट परिसर में पार्ट-टाइम सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम कर रहे 20 वर्षीय सिख छात्र हर्षदीप सिंह अंत्तल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
Gujarat विदेश में सुरक्षा को लेकर चिंतित हुए परिजन
कनाडा में लगातार हो रही इन हिंसक वारदातों और भारतीय छात्रों की हत्याओं के बाद अब भारत में रह रहे परिजनों की चिंताएं बेहद बढ़ गई हैं। गुजरात में विधि मेघा के परिवार में इस खबर के बाद से मातम पसरा हुआ है। भारतीय समुदाय और छात्र संगठनों ने कनाडाई अधिकारियों से स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और विधि के हत्यारों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने की मांग की है।
ये भी पढ़े: Jamtara में भीषण सड़क हादसा: डंपर ने स्कूटी को रौंदा, महिला पुलिसकर्मी के इकलौते बेटे की मौत, दो रेफर

