Hyderabad airport foreign currency seizure:तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद स्थित राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (RGIA) पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मलेशिया के कुआलालंपुर जाने की तैयारी कर रहे दो भारतीय यात्रियों के पास से लगभग 1.56 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा बरामद की गई है। DRI ने दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर कस्टम एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गुप्त सूचना के आधार पर एयरएशिया की उड़ान से पहले हुई कार्रवाई
Hyderabad airport foreign currency seizure:प्राप्त जानकारी के अनुसार, DRI की हैदराबाद जोनल यूनिट को एक पुख्ता खुफिया इनपुट मिला था, जिसके आधार पर यह कार्रवाई 22 अक्टूबर को की गई, जिसका खुलासा शनिवार को किया गया। आरोपी यात्री एयरएशिया की फ्लाइट (AK-68) के जरिए कुआलालंपुर (मलेशिया) जाने की फिराक में थे। अधिकारियों ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर सबसे पहले एक पुरुष यात्री को रोका और उसके सामान की गहन तलाशी ली।
ट्रॉली बैग और कपड़ों के बीच छिपाकर रखी गई थी विदेशी करेंसी
- Hyderabad airport foreign currency seizure:पुरुष यात्री का मामला: तलाशी के दौरान उसके केबिन बैगेज यानी ट्रॉली बैग में कपड़ों के बीच एक काले प्लास्टिक कवर में विदेशी मुद्रा छिपाई गई थी। उसके पास से 66,600 अमेरिकी डॉलर, 3,773 मलेशियाई रिंगित और 2 सिंगापुर डॉलर बरामद किए गए, जिनकी कुल भारतीय बाजार कीमत लगभग 63.62 लाख रुपये आंकी गई।
- महिला यात्री का खुलासा: शुरुआती पूछताछ के दौरान पकड़े गए पुरुष यात्री ने अधिकारियों को जानकारी दी कि उसी फ्लाइट में एक महिला यात्री भी सफर कर रही है, जिसके पास भी अवैध विदेशी मुद्रा है। इसके बाद DRI की टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला यात्री को भी धर दबोचा। उसके बैग की तलाशी लेने पर 97,600 अमेरिकी डॉलर (करीब 91.94 लाख रुपये) बरामद हुए, जिसे उसने भी उसी शातिर तरीके से ट्रॉली बैग में छिपा रखा था।
वैध दस्तावेज पेश करने में असमर्थ रहे दोनों यात्री
Hyderabad airport foreign currency seizure:गिरफ्तार किए गए दोनों यात्री इस भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा को वैध रूप से हासिल करने या ले जाने से संबंधित कोई भी पुख्ता दस्तावेज या अनुमति पत्र पेश नहीं कर सके।
DRI ने सीमा शुल्क अधिनियम (Customs Act, 1962) के प्रावधानों के तहत कुल 1.56 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा और उसे छिपाने में इस्तेमाल किए गए ट्रॉली बैग को जब्त कर लिया है। अधिकारियों ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि अभी उनके नामों का खुलासा नहीं किया गया है। फिलहाल जांच एजेंसियां इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा कहाँ से लाई गई थी और इसे किस अवैध मकसद से विदेश भेजा जा रहा था।

