रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Hansi : हरियाणा के हांसी में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब डेयरी ऑपरेटर जीवन कुंडू हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। यह घटना मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के राज्य-स्तरीय ध्वजारोहण कार्यक्रम से ठीक पहले हुई। प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान हुए पथराव में हांसी के पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार और एक डीएसपी रैंक के अधिकारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
Hansi हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी पर अड़े प्रदर्शनकारी
यह पूरा विवाद 4 अगस्त को हिसार जिले के सूर्य नगर में हुई डेयरी ऑपरेटर जीवन कुंडू की हत्या से जुड़ा है। आरोप है कि पड़ोस के 10-12 युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर जीवन को गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिनकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस 7 संदिग्धों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अब भी फरार है, जिस पर ₹50,000 का इनाम घोषित किया गया है। किसान संगठनों और परिजनों ने मुख्य आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी न होने के विरोध में स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल पर प्रदर्शन का आह्वान किया था।
Hansi कॉलेज ग्राउंड की ओर बढ़ने पर पुलिस से टकराव
हांसी के गवर्नमेंट कॉलेज ग्राउंड में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा तिरंगा फहराया जाना तय था। जैसे ही ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से आए प्रदर्शनकारी समारोह स्थल की ओर जबरन बढ़ने लगे, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान दो से तीन स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई।
पथराव में एसपी को लगी चोट, कई हिरासत में
भीड़ को तितर-बितर करने और स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। जवाब में उपद्रवियों की तरफ से भारी पथराव किया गया। पत्थर लगने से हांसी के SP विनोद कुमार के हाथ पर गंभीर चोट आई और उनका खून बहने लगा, वहीं डीएसपी और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों को भी चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया।
ये भी पढ़े: वंदे मातरम के दौरान सोनिया गांधी का वीडियो वायरल, कांग्रेस पर राष्ट्रगीत के अपमान के आरोप

