रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Greater Noida : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित बादलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। जीटी रोड पर छपरौला के समीप लोहे के सरियों से लदा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे गहरे नाले में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में ट्रक के केबिन को चीरते हुए लोहे के सरिए चालक के शरीर में जा घुसे, जिससे उसकी मौके पर ही तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई।
Greater Noida ट्रांसफार्मर से टकराकर नाले में पलटा ट्रक, नींद की झपकी बनी हादसे की वजह
पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सुबह लगभग 6:00 बजे उस वक्त हुई जब गाजियाबाद से दादरी की ओर सरिया लदा ट्रक जा रहा था। बादलपुर थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शुरुआती तफ्तीश में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। नियंत्रण खोने के बाद तेज रफ्तार ट्रक पहले बिजली के पोल/ट्रांसफार्मर से टकराया और फिर सीधे नाले में जा पलटा। टक्कर का प्रभाव इतना भयानक था कि पीछे लदे भारी-भरकम सरिए केबिन को तोड़ते हुए चालक के आर-पार हो गए। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसने स्थल पर ही दम तोड़ दिया।
Greater Noida दो घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद निकाला गया शव
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम राहत और बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर पहुंची। नाले में डूबे ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे शव को बाहर निकालने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। लगभग दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कटर और क्रेन की सहायता से शव को बाहर निकाला जा सका। मृतक चालक की शिनाख्त बुलंदशहर निवासी 28 वर्षीय आमिर के रूप में की गई है।
Greater Noida जीटी रोड पर लगा भीषण जाम, क्रेन की मदद से बहाल हुआ यातायात
इस दुखद घटना के बाद जीटी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को नाले से बाहर निकलवाया और क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया। शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से सुचारू हो सका।

