रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Malviya Nagar : राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ के ‘लेमन ग्रीन’ (Lemon Green) रेस्टोरेंट में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, और आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। घटना में गंभीर रूप से झुलसे लोगों को इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Malviya Nagar सुबह-सुबह भड़की आग, दमकल की 10 गाड़ियों ने पाया काबू
दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 09:45 बजे इस भीषण आग की सूचना मिली थी। हालांकि, स्थानीय सूत्रों के अनुसार आग सुबह करीब 8:30 बजे के आसपास ही लगनी शुरू हो गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नेहरू प्लेस फायर स्टेशन के डिविजनल ऑफिसर (DO) रविंदर के नेतृत्व में तुरंत दमकल की 10 गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। दमकलकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। पूरी बहुमंजिला इमारत धुएं और आग की वजह से काली पड़ चुकी है। फिलहाल पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारी मौके पर मुस्तैद हैं और आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
Malviya Nagar हताहतों में अधिकांश विदेशी नागरिक, बेसमेंट से निकाले गए लोग
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि जान गंवाने वालों में अधिकांश लोग दक्षिण अफ्रीकी (South African) नागरिक बताए जा रहे हैं। स्थानीय विधायक और आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सोमनाथ भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि हौजरानी इलाके की इस बहुमंजिला इमारत में लगी आग में कई विदेशी नागरिकों के हताहत होने की आशंका है।
राहत की बात यह रही कि दमकल विभाग की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट के बेसमेंट से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। फिलहाल इमारत के भीतर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि मलबे या कमरों के भीतर बचे हुए लोगों की तलाश की जा सके।
Malviya Nagar सरकार की पैनी नजर, सीएम रेखा गुप्ता ने जताया गहरा दुख
मुख्यमंत्री की संवेदना: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “मालवीय नगर में हुई इस भीषण त्रासदी और जान-माल के नुकसान से मुझे गहरा दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करती हूं और इस मुश्किल घड़ी में दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।”
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), और CATS एम्बुलेंस सेवाओं समेत सभी आपातकालीन एजेंसियों को तुरंत एक्टिव कर दिया गया था। उनकी त्वरित कार्रवाई की बदौलत ही कई लोगों को समय रहते बचाया जा सका है। दिल्ली सरकार इस पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और घायलों को हर संभव मुफ्त चिकित्सा सहायता मुहैया कराई जा रही है।
ये भी पढ़े: Indian Air Force increased strength: DRDO और IAF ने किया ‘रुद्रम-II’ मिसाइल का सफल परीक्षण

