रिपोर्टर: गनेश सिंह
Dehradun : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सहसपुर कोतवाली अंतर्गत बैरागीवाला गांव में पानी के मामूली विवाद को लेकर भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सह संयोजक विनोद कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैल गया है। आक्रोशित भीड़ और हिंदू संगठनों ने आरोपियों के घरों पर पथराव व तोड़फोड़ की और उनका कुछ सामान भी फूंक दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में भारी संख्या में पुलिस और पीएसी (PAC) बल तैनात किया गया है। इस बीच, प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के अवैध निर्माणों को चिन्हित कर उन पर बुलडोजर चला दिया है।
Dehradun पानी के विवाद में हथौड़े से वार कर उतारा मौत के घाट
घटना शनिवार शाम करीब 6:00 से 6:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। मृतक के भाई अशोक कुमार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले इम्तियाज के खेत में पानी ले जाने को लेकर उनका पुराना विवाद चल रहा था। शनिवार शाम रज्जाक, इम्तियाज, अमन, यूनुस और शहबाज सहित करीब 12 नामजद आरोपी 30-35 अन्य अज्ञात लोगों के साथ लाठी-डंडे, हथौड़े और बेलचे लेकर उनके घर पर आ धमके। आरोपियों ने पूरे परिवार पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस हमले में हथौड़े के गंभीर वार के कारण भाजपा नेता विनोद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके भाई अशोक, राजेश और भाभी सुषमा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Dehradun सीएम धामी का कड़ा रुख: “कानून को चुनौती देने वालों को मिलेगा ऐतिहासिक दंड”
इस संवेदनशील मामले पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने घटना की तीव्र निंदा करते हुए कहा, “देवभूमि उत्तराखंड की शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करने वाली हिंसक और जिहादी मानसिकता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो लोग भी कानून को अपने हाथ में लेने का दुस्साहस करेंगे, उन्हें ऐसा कड़ा दंड दिया जाएगा कि भविष्य में कोई भी ऐसी हिमाकत करने से पहले हजार बार सोचेगा।”

Dehradun 12 नामजद समेत कई पर मुकदमा, पुलिस और प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने 12 मुख्य नामजद आरोपियों सहित दर्जनों अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में भारी पुलिस बल मुस्तैद है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही प्रशासन ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर की कार्रवाई शुरू कर दी है, जिससे अपराधियों में खौफ का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
ये भी पढ़े: Bengaluru में खौफनाक वारदात: चरित्र पर शक के चलते प्रेमी ने की सिक्किम की युवती की बेरहमी से हत्या

