रिपोर्टर: गनेश सिंह
Dehradun IMA Parade : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित प्रतिष्ठित भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में शनिवार को पासिंग आउट परेड (POP) का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली समारोह के दौरान 515 युवा कैडेट्स ने अपने शानदार अनुशासन, अदम्य साहस और बेमिसाल कदमताल से परेड मैदान में मौजूद हर शख्स का दिल जीत लिया। इस भव्य परेड के संपन्न होते ही ये जांबाज देश की रक्षा के लिए भारतीय सेना में बतौर अधिकारी शामिल हो गए हैं।

Dehradun IMA Parade 481 भारतीय और 34 विदेशी कैडेट्स ने प्रदर्शित किया दमखम
इस ऐतिहासिक पासिंग आउट परेड में कुल 515 कैडेट्स पास आउट हुए, जिनमें 481 भारतीय जांबाज शामिल हैं। इसके साथ ही, भारत की उत्कृष्ट सैन्य ट्रेनिंग का हिस्सा बने 16 मित्र देशों के 34 विदेशी कैडेट्स ने भी मुख्य धारा की परेड में हिस्सा लिया और अपने देश का गौरव बढ़ाया। इन सभी कैडेट्स के चेहरे पर सेना का हिस्सा बनने का गौरव और देश सेवा का अटूट संकल्प साफ झलक रहा था।
Dehradun IMA Parade राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ली परेड की सलामी
इस भव्य सैन्य समारोह में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और जांबाज कैडेट्स की पासिंग आउट परेड की सलामी ली। इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनने के लिए उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी गणमान्य अतिथियों ने युवा सैन्य अधिकारियों का हौसला बढ़ाया और उन्हें बधाई दी।
Dehradun IMA Parade परेड मैदान में बिखरे भावुक पल, परिजनों की आंखें हुईं नम
पीपिंग सेरेमनी (कंधों पर सितारे सजने की रस्म) के दौरान परेड ग्राउंड का माहौल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। अपने लाडलों को सेना की वर्दी में देश का नेतृत्व करते देख वहां मौजूद माता-पिता और परिजनों की आंखें गर्व से नम हो गईं। सभी ने मिलकर नए सैन्य अधिकारियों की इस अभूतपूर्व सफलता पर खुशी का इजहार किया और उनके उज्ज्वल व सुरक्षित भविष्य के लिए मंगलकामनाएं कीं।
ये भी पढ़े: मुंबई में चमका MP पर्यटन: ‘कॉन्फ्रेंस मैनेजमेंट’ में मिला प्रतिष्ठित नेशनल अवार्ड, वैश्विक स्तर पर बढ़ी साख

