BilauaBilaua
Spread the love

रिपोर्टर: सन्‍तोष सरावगी

Dabra Bilaua Crusher Market Dispute : ग्वालियर जिले के डबरा अंतर्गत आने वाले बिलौआ क्रेशर मार्केट से वर्चस्व और दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक खदान पर काम करने वाले मुनीम के साथ न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की गई, बल्कि सिर पर कट्टा (पिस्टल) अड़ाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस खौफनाक वारदात के बाद पीड़ित न्याय के लिए रातभर थाने के चक्कर काटता रहा, लेकिन पुलिस का रवैया बेहद उदासीन रहा और घंटों बीत जाने के बाद भी मामले में एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं की गई।

Dabra Bilaua Crusher Market Dispute मशीन खराब होने पर भड़का आरोपी, ऑफिस में घुसकर कट्टा अड़ाया

यह पूरी वारदात बिलौआ थाना क्षेत्र की है। पीड़ित मुनीम कमलेश जाटव (पुत्र जगन्नाथ जाटव) बीती रात खदान पर अपनी ड्यूटी पर तैनात था। पीड़ित का आरोप है कि काम के दौरान अचानक एक मशीन खराब हो गई, जिससे गुस्साए ग्वालियर निवासी गगन कमरिया नामक व्यक्ति ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जान बचाकर जब कमलेश ‘सनी ग्रेनाइट’ के दफ्तर पहुंचा, तो आरोपी गगन वहां भी कट्टा लहराते हुए धमक गया। आरोपी ने मुनीम की कनपटी पर पिस्टल लगा दी और जान से मारने की धमकी दी। बाद में वहां अन्य लोगों को इकट्ठा होते देख आरोपी मौके से भाग निकला।

Dabra Bilaua Crusher Market Dispute काली गिट्टी के अवैध कारोबार और खूनी वर्चस्व का गढ़ बना बिलौआ

बिलौआ क्षेत्र पूरे ग्वालियर-चंबल संभाग में काली गिट्टी के खनन के लिए कुख्यात है। इस इलाके में 100 से अधिक वैध और अवैध खदानें धड़ल्ले से संचालित हो रही हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यहाँ आए दिन खदानों पर कब्जे, रंगदारी और वर्चस्व को लेकर खूनी टकराव और विवाद होते रहते हैं। मुनीम कमलेश जाटव के साथ हुई यह हिंसक वारदात भी इसी अवैध खनन और दबंगई की पृष्ठभूमि से जोड़कर देखी जा रही है।

Dabra Bilaua Crusher Market Dispute तीन घंटे थाने में बैठा रहा लहूलुहान पीड़ित, एडिशनल एसपी ने दिया जांच का भरोसा

वारदात के बाद सहमे मुनीम ने पूरी आपबीती अपने क्रेडर मालिक को बताई, जिसके बाद वे पीड़ित को लेकर बिलौआ थाने पहुंचे। पीड़ित कमलेश का आरोप है कि पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण तो करवा दिया, लेकिन रसूखदारों के दबाव में करीब तीन घंटे से ज्यादा समय तक उसे थाने में बैठाए रखा और कोई सुनवाई नहीं की। इस मामले में जब एडिशनल एसपी (देहात) जय राज कुबेर से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि खदान पर हुए विवाद की जानकारी मिली है। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े: Alankrita Pandey Bhagalpur DM: अब कमान IAS अलंकृता पांडे के हाथ, निवर्तमान DM से लिया प्रभार, श्रावणी मेला और कानून-व्यवस्था रहेंगी मुख्य प्राथमिकताएं

You missed