रिपोर्टर: सन्तोष सरावगी
Dabra : मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ सिटी थाने में पदस्थ एक पुलिस आरक्षक ने अपने शासकीय क्वार्टर में फंदे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि इस आत्मघाती कदम को उठाने से ठीक पहले आरक्षक अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर जुड़ा हुआ था। घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे के आला अधिकारी और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंच गई है।
Dabra पत्नी से बातचीत के दौरान उठाया आत्मघाती कदम
मृतक आरक्षक की पहचान राघवेंद्र तोमर के रूप में हुई है, जो मुरैना जिले के पोरसा क्षेत्र के रहने वाले थे। शुक्रवार की देर रात करीब 10 बजे राघवेंद्र थाना परिसर के पीछे बने अपने सरकारी क्वार्टर में थे और मोबाइल पर पत्नी से वीडियो कॉल के जरिए बात कर रहे थे। इसी बातचीत के दौरान उन्होंने अचानक फंदा लगा लिया। घबराई पत्नी ने बिना वक्त गंवाए तुरंत इसकी सूचना अपने देवर मानवेंद्र (मोनू) को दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को अलर्ट किया गया।
Dabra साथी जवान पहुंचे तो फंदे पर झूलता मिला शव
सूचना मिलते ही सिटी थाने में तैनात साथी आरक्षक मिंटू परिहार तुरंत राघवेंद्र के क्वार्टर की तरफ दौड़े। जब वे कमरे में दाखिल हुए, तो राघवेंद्र का शव दरवाजे के ऊपर लगे कुंदे से बंधी रस्सी के फंदे पर लटका हुआ था। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी सौरभ कुमार और एडिशनल एसपी (देहात) जयराज कुबेर सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। परिजनों की मौजूदगी में शव को फंदे से नीचे उतारा गया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
Dabra अनुकंपा नियुक्ति पर आए थे राघवेंद्र, कारणों की जांच जारी
बताया जा रहा है कि राघवेंद्र तोमर को पुलिस विभाग में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी और वे पिछले एक साल से डबरा सिटी थाने में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटे बच्चे हैं। इस खौफनाक कदम के पीछे पारिवारिक कलह थी या कोई मानसिक तनाव, इसकी असल वजह अभी सामने नहीं आ पाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगालने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

