रिपोर्टर: नेहा गुप्ता
High-voltage drama in Bhojpur : बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलौटी गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक को नियंत्रित करने गई पुलिस टीम पर उसने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। स्थिति को बिगड़ता देख और अपनी व ग्रामीणों की जान बचाने के लिए पुलिस को अंततः आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग करनी पड़ी। इस कार्रवाई में युवक के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल भेजा गया है।
High-voltage drama in Bhojpur इलाज कराने पहुंची पुलिस पर ही तान दी पिस्टल
घटना की शुरुआत मंगलवार को हुई थी, जब स्थानीय प्रशासन को सूचना मिली कि बेलौटी गांव का एक युवक मानसिक संतुलन खो बैठा है और उसके हाथ में घातक हथियार (पिस्तौल) है। शाहपुर थानाध्यक्ष राजेश मालाकार अपनी टीम के साथ युवक को शांत करने और उसे सुरक्षित इलाज के लिए अस्पताल भेजने के उद्देश्य से गांव पहुंचे थे। लेकिन पुलिस को देखते ही युवक अचानक उग्र हो गया और उसने पुलिसकर्मियों पर ही हथियार तान दिया। मंगलवार की रात भी उसने पुलिस टीम पर गोलियां चलाई थीं, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए थे।
High-voltage drama in Bhojpur छत पर चढ़कर पुलिस को ललकारने का वीडियो वायरल
बुधवार की सुबह इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक एक अर्ध-निर्मित मकान की छत पर हाथ में पिस्तौल लहराते हुए नीचे खड़ी पुलिस टीम को सरेआम ललकार रहा है और फायरिंग कर रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई।
High-voltage drama in Bhojpur एसपी बोले— आम जनता और पुलिस की सुरक्षा के लिए उठाना पड़ा कदम
भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) राज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस का प्राथमिक उद्देश्य युवक को बिना किसी नुकसान के समझा-बुझाकर हिरासत में लेना था। लेकिन जब युवक ने लगातार फायरिंग कर पुलिस और आम जनता की जान जोखिम में डाल दी, तो सुरक्षा मानकों के तहत आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक युवक को दो गोलियां लगी हैं। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

