रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Baramati : महाराष्ट्र के पुणे जिले अंतर्गत बारामती में एक हृदयविदारक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के वरिष्ठ युवा नेता और विधायक रोहित पवार के निजी सहायक (PA) अजित दशावतारे की 15 वर्षीय नाबालिग बेटी का संदिग्ध अवस्था में शव मिला है। घर के पास ही सड़क किनारे शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
मां से कहासुनी के बाद रात में घर से निकली थी किशोरी
Baramati प्राथमिक जांच में सामने आई जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात किशोरी की अपनी मां के साथ किसी मामूली बात को लेकर बहस हो गई थी। मां की डांट से क्षुब्ध होकर नाबालिग बिना बताए घर से बाहर निकल गई। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। अगली सुबह बारामती के रुई स्थित साई गणेश नगर में उसके घर के समीप ही झाड़ियों के पास उसका शव मिला।
फॉरेंसिक टीम मौके पर मौजूद, हत्या और आत्महत्या दोनों कोणों से जांच
Baramati घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हत्या या खुदकुशी, दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से तफ्तीश में जुटी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बारामती पहुंचे विधायक रोहित पवार
Baramati अपने सहयोगी के परिवार पर टूटे इस दुख के पहाड़ की खबर मिलते ही विधायक रोहित पवार अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर बारामती पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इसके बाद बारामती मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल जाकर चिकित्सकों और जांच अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। रोहित पवार ने बताया कि अजित दशावतारे जिला परिषद के समय से ही उनके साथ पूरी निष्ठा से कार्यरत हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाएगी।

