Azamgarh Road Accident:आजमगढ़ के फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जगदीशपुर के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर के बाद कार पलट गई।
जानकारी के अनुसार, पंजाब नंबर की इस कार में कुल नौ लोग सवार थे। सभी फूलपुर से सरायमीर की ओर जा रहे थे। बताया गया है कि ये लोग गणेश प्रतिमा स्थापना और राजभर पंडाल से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे जगदीशपुर के पास कार का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते वह पेड़ से टकराकर पलट गई।
दो युवकों ने मौके पर तोड़ा दम
Azamgarh Road Accident:दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसा इतना गंभीर था कि सत्यम मोदनवाल (20) और निखिल गुप्ता (17) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों के शव कार में फंसे होने की जानकारी सामने आई, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल लकी सोनकर (19) को उपचार के लिए फूलपुर अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस तरह दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई।
छह घायलों का अस्पताल में इलाज
Azamgarh Road Accident:हादसे में अंश सोनकर (17), अनमोल मोदनवाल (18), किशन मोदनवाल (20), सक्षम बरनवाल (17), अनुराग पांडेय और शगुन उर्फ कौस्तुभ पांडेय घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।
पुलिस ने शुरू की दुर्घटना की जांच
Azamgarh Road Accident:हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। दुर्घटना की खबर से परिवारों में मातम पसरा हुआ है। घटनास्थल पर भी काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही।
फूलपुर के CO किरण पाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई भी की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

