AmbikapurAmbikapur
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Ambikapur : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित रसूलपुर मोहल्ले में बुधवार को दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। तीन अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर 55 वर्षीय बशीरुद्दीन उर्फ लज्जू पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

घर में घुसकर हमलावरों ने ढहाया कहर

Ambikapur प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बुधवार को बशीरुद्दीन अपने घर पर मौजूद थे, तभी तीन अज्ञात नकाबपोश अचानक अंदर घुस आए। इससे पहले कि बशीरुद्दीन कुछ समझ पाते, हमलावरों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी और फिर तेजधार चाकू से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पेट व शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट आने के कारण वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े, जिसके बाद आरोपी तुरंत वहां से फरार हो गए।

निजी अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर, हालत नाजुक

Ambikapur खून से लथपथ बशीरुद्दीन को परिजनों ने आनन-फानन में पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, अत्यधिक खून बह जाने और स्थिति नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका गहन इलाज जारी है और स्थिति गंभीर बनी हुई है।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

Ambikapur घटना की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक (FSL) टीम और डॉग स्क्वायड को भी काम पर लगाया गया है। नगर पुलिस अधीक्षक के अनुसार, शुरुआती जांच में 2 से 3 हमलावरों की संलिप्तता सामने आई है। साइबर सेल की मदद से आसपास की गलियों और मुख्य सड़कों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़े: रायपुर में अवैध प्लाटिंग पर कड़ा एक्शन: रावतपुरा फेज-2 में चला बुलडोजर, 329 अवैध कॉलोनियां चिन्हित