RaipurRaipur
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Raipur : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपना मकान बनाने का सपना देखने वाले लोगों को ठगने वाले भू-माफियाओं और अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बिना ले-आउट और नक्शा पास कराए अवैध जमीनों पर बने निर्माणों को ढहाने के लिए नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर में बड़े पैमाने पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू की है।

रावतपुरा फेज-2 में 12 बुलडोजरों के साथ बड़ी तोड़फोड़

Raipur बुधवार को नगर निगम और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने रावतपुरा फेज-2 कॉलोनी में दबिश दी। यहां बिना नगर निगम से नक्शा स्वीकृत कराए और अवैध प्लाटिंग पर बनाए गए लगभग 40 मकानों को पहले ही नोटिस जारी किया गया था। कार्रवाई के दौरान 12 से अधिक बुलडोजरों की मदद से अवैध कब्जों और निर्माणों को जमींदोज कर दिया गया। भू-माफिया सस्ते दरों का लालच देकर कृषि भूमियों पर बिना डायवर्सन के अवैध प्लाट काट देते हैं और बाद में खरीदारों को कार्रवाई का सामना करना पड़ता है।

राजधानी में 329 कॉलोनियां चिन्हित, जोन-10 में सबसे ज्यादा मकड़जाल

Raipur नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक रायपुर शहर में अब तक 329 अवैध कॉलोनियों की पहचान की जा चुकी है। इनमें से सर्वाधिक 107 अवैध कॉलोनियां अकेले जोन-10 क्षेत्र में स्थित हैं, जबकि जोन-2 में केवल 1 कॉलोनी चिन्हित की गई है। इन अवैध कॉलोनियों में न तो सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं होती हैं और न ही नगर निगम को इनसे कोई संपत्ति कर (टैक्स) प्राप्त होता है। इसके अलावा, बिना रजिस्ट्री के कच्चे सौदों के कारण राज्य सरकार को भी करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

निगम बदलेगा रणनीति: एफआईआर के बजाय अब अधिग्रहण की तैयारी

Raipur अवैध निर्माणों पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम अब अपनी नीति में बदलाव कर रहा है। पहले कॉलोनाइजरों पर केवल एफआईआर (FIR) दर्ज कराई जाती थी, लेकिन अब निगम ऐसी जमीनों को सीधे अधिग्रहित (Acquire) करने की योजना पर काम कर रहा है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (T&C) के अधिकारी आभास मिश्रा के अनुसार, सभी गैर-कानूनी कॉलोनियों की सूची तैयार कर ली गई है। बिना अनुमति बने निर्माणों को ढाने की कार्रवाई के साथ-साथ इन कॉलोनियों को सरकारी नियंत्रण में लेने की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।

ये भी पढ़े: शिवपुरी में सिंध नदी में डूबा 14 वर्षीय किशोर: रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद 500 मीटर दूर मिला शव