AjmerAjmer
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Ajmer : राजस्थान के अजमेर जिले के गेगल थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाला एक बेहद क्रूर और शर्मनाक मामला प्रकाश में आया है। यहाँ आपसी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने एक युवक का अपहरण कर उसे बंधक बना लिया और फिर उसके साथ अमानवीयता की सारी हदें पार कर दीं। पीड़ित को बेरहमी से पीटने, गले में जूतों का हार पहनाने और जबरन पेशाब पिलाने जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया। इस खौफनाक कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया।

Ajmer कार्यस्थल से जबरन उठाकर ले गए अज्ञात स्थल पर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुचील गांव का निवासी पीड़ित युवक जीतू नाथ गगवाना क्षेत्र में एक ठेकेदार के पास लकड़ी काटने का काम करता था। शनिवार की सुबह जब वह अपने काम पर तैनात था, तभी अचानक एक पिकअप वाहन में सवार होकर आए कुछ दबंगों ने उस पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने दिनदहाड़े जीतू के साथ मारपीट की और उसे जबरन गाड़ी में डालकर बंधक बना लिया। इसके बाद आरोपी उसे गगवाना से दूर बीर गांव ले गए, जहाँ इस घूर अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया गया।

Ajmer सोशल मीडिया पर वीडियो आते ही पुलिस ने दी दबिश, युवक को कराया मुक्त

बीर गांव में बंधक बनाकर रखे गए युवक को लाठी-डंडों से लहूलुहान किया गया और समाज में अपमानित करने के इरादे से जूतों की माला पहनाई गई। क्रूरता की हद पार करते हुए आरोपियों ने उसे जबरन पेशाब पीने पर मजबूर किया और इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट पर साझा कर दिया। वीडियो सामने आते ही पीड़ित के परिवार में हड़कंप मच गया और उन्होंने गेगल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीर गांव में छापा मारा, पीड़ित को सकुशल मुक्त कराया और दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

Ajmer विवाद की मुख्य वजह: ‘नाता प्रथा’ और दूसरी शादी की रंजिश

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस हैवानियत के पीछे पारिवारिक और सामाजिक रंजिश की गहरी जड़ें हैं। दरअसल, बीर गांव के रहने वाले महेंद्र नाम के युवक की पूर्व पत्नी का कुछ समय पहले तलाक हो गया था, जिसके बाद उसने सामाजिक ‘नाता प्रथा’ के तहत पीड़ित जीतू नाथ से दूसरा विवाह कर लिया था। युवती के पूर्व ससुराल वाले इस विवाह से अत्यधिक नाराज थे। उनका तर्क था कि इस मामले का निपटारा अभी तक जाति पंचायत के माध्यम से नहीं हुआ है। इसी प्रतिशोध की आग में उन्होंने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

ये भी पढ़े: Congo Ebola Virus: कांगो में वायरस के दुर्लभ वैरिएंट से 80 की मौत, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने जारी की वैश्विक आपातकाल की चेतावनी