रिपोर्टर: प्रताप सिंह बघेल
Morena : नेशनल हाईवे-44 पर रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां गाजर से लदी एक तेज रफ्तार मैक्स लोडिंग गाड़ी बेकाबू होकर नहर में जा गिरी। हादसे से ठीक पहले चालक और क्लीनर ने सतर्कता दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
सैयद के पास बेकाबू होकर नहर में गिरा वाहन
Morena प्राप्त जानकारी के मुताबिक, लोडिंग वाहन का चालक गाजर की बोरियां लादकर ग्वालियर मंडी की ओर जा रहा था। इसी दौरान NH-44 पर सैयद के नजदीक गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बनी नहर में जा गिरी। घटना की भनक लगते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया।
तड़के करीब 4 बजे हुआ हादसा: थाना प्रभारी
Morena सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव ने बताया कि यह दुर्घटना रविवार सुबह करीब 4 बजे के आसपास हुई। सौभाग्य से चालक और क्लीनर समय रहते बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे के बाद पुलिस की देखरेख में नहर में गिरे वाहन से गाजर की बोरियां निकलवाई जा रही हैं।
हाइड्रा से वाहन निकालने की कवायद जारी
Morena पुलिस के अनुसार, लोडिंग वाहन में भरी गाजर की बोरियों को खाली कराने के बाद हाइड्रा मशीन की सहायता से गाड़ी को नहर से बाहर निकाला जाएगा। प्रशासन द्वारा नहर से वाहन को सुरक्षित हटाने की प्रक्रिया जारी है।





