RaipurRaipur
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Raipur : महादेव ऑनलाइन सट्टा प्रकरण की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को एक अहम कदम उठाते हुए अधिवक्ता हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है। उन पर ऐप के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से कथित तौर पर 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप है। बताया जा रहा है कि यह राशि कानूनी मामले को समाप्त कराने के उद्देश्य से दी गई थी। पूछताछ में हुए खुलासे के बाद केंद्रीय एजेंसी ने यह गिरफ्तारी की है।

सौरभ चंद्राकर की पूछताछ में सामने आई 15 करोड़ के लेनदेन की बात

Raipur ईडी ने 13 नवंबर को सौरभ चंद्राकर को हिरासत में लेकर 19 नवंबर तक पूछताछ की थी। इसी दौरान वकील हिमांशु शेखर की भूमिका उजागर हुई। चंद्राकर ने कथित रूप से बताया कि उसने अपना केस रफा-दफा करवाने के लिए हिमांशु को 15 करोड़ रुपये दिए थे। इसके बाद जांच एजेंसी ने पैसों के इस लेनदेन की पड़ताल तेज की। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि बीते तीन वर्षों में हिमांशु शेखर ने कई बार दुबई की यात्रा कर सौरभ चंद्राकर से भेंट की थी, जिनकी कड़ियों को अब जोड़ा जा रहा है।

लुकआउट सर्कुलर के आधार पर मुंबई एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया

Raipur मामले में नाम आने के बाद ईडी ने हिमांशु शेखर के विरुद्ध पहले ही लुकआउट सर्कुलर जारी कर रखा था। दुबई रवाना होने से ठीक पहले सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें मुंबई हवाई अड्डे पर रोक लिया। सूचना मिलते ही ईडी की टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर रायपुर लाया और पूछताछ के लिए विशेष अदालत में पेश कर रिमांड की अर्जी लगाई। अदालत में दोनों पक्षों की ओर से दलीलें पेश की जा रही हैं।

जांच प्रभावित करने वाले पूरे नेटवर्क की पड़ताल तेज

Raipur महादेव सट्टा मामले में किसी अधिवक्ता की यह पहली गिरफ्तारी है, जिसे जांच की दिशा में बड़ा मोड़ माना जा रहा है। एजेंसी को आशंका है कि प्रकरण से जुड़े कुछ आरोपियों ने कानूनी प्रक्रिया और जांच को प्रभावित करने के लिए मोटी रकम खर्च की है। ईडी अब इस बिंदु पर भी तफ्तीश कर रही है कि कानूनी सहायता और मामले को दबाने के नाम पर किन अन्य लोगों तक धन पहुंचाया गया। इस गिरफ्तारी के बाद नेटवर्क से जुड़े कई और चेहरों पर शिकंजा कसने की संभावना जताई जा रही है।

ये भी पढ़े: ग्वालियर में एसबीआई एटीएम से नकदी लूटने का प्रयास विफल, सायरन बजते ही फरार हुआ आरोपी