AurangabadAurangabad
Spread the love

रिपोर्टर: दीनानाथ माऔर

Aurangabad : अर्णव तूफान के असर से किसान अभी संभल भी नहीं पाए थे कि बंगाल की खाड़ी से उठे अकवान चक्रवात ने जिले में भारी तबाही मचा दी। लगातार बारिश और तेज हवाओं ने खेतों में खड़ी फसलों को चौपट कर दिया है, जिससे किसानों के लिए लगाई गई लागत निकालना भी कठिन हो गया है।

प्रभावित किसान
संदीप राज जिला कृषि पदाधिकारी औरंगाबाद

अर्णव के बाद अकवान ने तोड़ी किसानों की कमर

Aurangabad पहले आए अर्णव तूफान के दौरान तेज हवा के साथ हुई मूसलाधार बारिश से बड़ी मात्रा में धान की फसल गिर गई थी, जिससे करीब आधी फसल को नुकसान पहुंचा था। शेष बची फसल से किसानों को इतनी उम्मीद जरूर थी कि उनकी लागत निकल आएगी, लेकिन अकवान चक्रवात के कारण तीन दिनों तक लगातार हुई बारिश ने गिरे हुए धान के पौधों और बालियों को पूरी तरह नष्ट कर दिया। फसल की इस बदहाली से परेशान किसानों ने बिहार सरकार से नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की है।

नुकसान का आकलन और मुआवजे की प्रक्रिया

Aurangabad फसलों को पहुंची क्षति के संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि बंगाल की खाड़ी से उठे लगातार चक्रवाती तूफानों के चलते जिले के सभी प्रखंडों में धान की खेती को बड़ा नुकसान हुआ है। विभाग की ओर से नुकसान का आकलन कराया जा रहा है और जल्द ही इसकी विस्तृत रिपोर्ट बिहार सरकार को सौंप दी जाएगी। राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मुआवजे को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दलहन व तिलहन की खेती का सुझाव और बीज सहायता

Aurangabad जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों को वैकल्पिक फसलों के रूप में दलहन और तिलहन लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार द्वारा बेहद कम कीमत और निःशुल्क रूप से दलहन व तिलहन के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसानों को इस योजना का लाभ उठाकर बड़े पैमाने पर खेती करनी चाहिए, जिससे उन्हें अच्छी आमदनी मिल सके। उन्होंने खासतौर पर हरा चना और तीसी की खेती करने पर बल दिया।

ये भी पढ़े: मुरैना में शादी समारोह के बाहर युवक की गोली मारकर हत्या, कृषि मंत्री के नाती समेत 9 पर नामजद केस