रिपोर्टर: रंजीत सिंह
Bhopal : मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग ने पुलिस महकमे में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए तबादला आदेश जारी किए हैं। इस सूची में एक भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी और राज्य पुलिस सेवा के 25 अधिकारियों सहित कुल 26 अफसरों को नई तैनाती दी गई है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रीवा, नर्मदापुरम और नरसिंहपुर समेत विभिन्न जिलों में एसडीओपी, सीएसपी व डीएसपी स्तर के अधिकारियों को स्थानांतरित किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
भोपाल, इंदौर, नरसिंहपुर और नर्मदापुरम में प्रमुख बदलाव
Bhopal जारी सूची के अनुसार, गाडरवारा (नरसिंहपुर) में पदस्थ आईपीएस शुभम सिंह ठाकुर को गोटेगांव का एसडीओपी बनाया गया है, जबकि शाहपुर (मंडला) के अजय तिवारी को गाडरवारा का एसडीओपी नियुक्त किया गया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के डीएसपी नवीन तिवारी को भोपाल नगरीय क्षेत्र में एसीपी जहांगीराबाद और भोपाल के एसीपी साइबर सुजीत तिवारी को इंदौर नगरीय में एसीपी न्यायालयीन-2 भेजा गया है।
डिंडौरी के पुरुषोत्तम मरावी को निवास (मंडला) का एसडीओपी, नर्मदापुरम के संतोष मिश्रा को सतना में यातायात डीएसपी तथा जबलपुर के संतोष कुमार शुक्ला को नर्मदापुरम पदस्थ किया गया है। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय भोपाल से नम्रता सौंधिया को खिलचीपुर (राजगढ़) का एसडीओपी, जबलपुर के आशीष जैन को अजयगढ़ (पन्ना) का एसडीओपी और जबलपुर एसटीएफ के विक्रम रजक को पिपरिया (नर्मदापुरम) का एसडीओपी बनाया गया है।
रीवा, इंदौर, उज्जैन और अन्य जिलों की नई तैनाती
Bhopal अन्य स्थानांतरणों में छिंदवाड़ा के सुनील कुमार वरकड़े को डभौरा (रीवा) का एसडीओपी, इंदौर की नीलम कनोज को देवास में डीएसपी एलआर और इंदौर में ही अपूर्वा किलेदार को एसीपी कोतवाली नियुक्त किया गया है।
शहडोल की शिवाली तिवारी को पुलिस मुख्यालय भोपाल भेजा गया है, जबकि 34वीं वाहिनी विसबल धार की प्रिया सिंह को त्योथर (रीवा) का एसडीओपी बनाया गया है।
दूसरी वाहिनी विसबल ग्वालियर की पूनम थापा को भिंड में डीएसपी मुख्यालय, बिजावर (छतरपुर) के अजय कुमार रिठोरिया को पुलिस मुख्यालय भोपाल, पुलिस मुख्यालय की प्रतिभा शर्मा को विदिशा का सीएसपी और राजीव सिंह भदौरिया को प्रथम वाहिनी विसबल इंदौर में कार्यवाहक सहायक सेनानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं डभौरा (रीवा) के नारायण सिंह कुमरे को 36वीं भार वाहिनी विसबल बालाघाट में सहायक सेनानी, दमोह के सौरभ त्रिपाठी को बिजावर (छतरपुर) का एसडीओपी, सीतामऊ (मंदसौर) के दिनेश प्रजापति को महिदपुर (उज्जैन) का एसडीओपी, उज्जैन आईजी कार्यालय के विवेक कनोडिया को तराना, महिला सुरक्षा शाखा मंदसौर के कमल निगवाल को नागदा (उज्जैन) का सीएसपी और श्योपुर के ओमप्रकाश आर्य को राघौगढ़ (गुना) का एसडीओपी पदस्थ किया गया है।
तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालने के निर्देश
Bhopal गृह विभाग की अवर सचिव अन्नू भलावी द्वारा जारी निर्देशों के तहत स्थानांतरित सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नवीन दायित्वों का कार्यभार संभालना होगा। इस प्रशासनिक कवायद से प्रदेश के विभिन्न जिलों और पुलिस इकाइयों की कार्यप्रणाली में नई ऊर्जा और समन्वय आने की उम्मीद जताई जा रही है।
ये भी पढ़े: महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, 15 करोड़ लेने के आरोप में वकील हिमांशु शेखर गिरफ्तार

