रिपोर्टर: प्रताप सिंह बघेल
Morena : अम्बाह बाईपास रोड स्थित हरिविलास पैलेस गार्डन में एक विवाह कार्यक्रम के दौरान सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात बदमाशों ने होलापुरा निवासी कृष्णा गुर्जर की घेरकर हत्या कर दी। हमलावरों ने रायफल और अवैध हथियारों से एक दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की। सिर, छाती और पेट में गोलियां लगने से कृष्णा की मौके पर ही जान चली गई, जबकि वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।

सिगरेट के बहाने बाहर बुलाकर बरसाईं गोलियां
Morena मिली जानकारी के अनुसार, कृष्णा गुर्जर अपने पिता और भतीजे के साथ रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आया था। भोजन करने के बाद जब वह परिसर में टहल रहा था, तभी धीरज गुर्जर और बंटी गुर्जर उसे सिगरेट पीने की बात कहकर गार्डन के बाहर ले गए। वहां पहले से घात लगाकर बैठे हथियारबंद आरोपियों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से समारोह में भगदड़ मच गई। परिजन लहूलुहान हालत में कृष्णा को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सीएसपी कविंद्र सिंह चौहान, कोतवाली टीआई अमित भदौरिया और स्टेशन रोड थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे।
कृषि मंत्री के नाती सहित 9 नामजद, पुरानी रंजिश की आशंका
Morena पुलिस ने इस हत्याकांड में नौ नामजद और तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में जनकपुर निवासी भानू गुर्जर, श्यामवीर गुर्जर, जोगेंद्र गुर्जर, बमरौली निवासी श्यामवीर गुर्जर, पिपरई निवासी बलवीर उर्फ बल्लों गुर्जर, नायकपुरा निवासी कृष्णपाल उर्फ केपी कंषाना और बीच का पुरा अम्बाह निवासी कल्ला गुर्जर आदि शामिल हैं।
एफआईआर में शामिल कृष्णपाल उर्फ केपी कंषाना प्रदेश के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना के नाती हैं और उनकी पत्नी ऊषा कंषाना जिला पंचायत सदस्य हैं। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे छह माह पुराना विवाद सामने आ रहा है। पुलिस के मुताबिक, मृतक कृष्णा के खिलाफ विभिन्न थानों में सात से आठ केस दर्ज थे, वहीं आरोपी भानू और श्यामवीर गुर्जर पर भी आधा दर्जन गंभीर मामले दर्ज हैं।
मोर्चरी के बाहर परिजनों का धरना, पुलिस की चार टीमें गठित
Morena मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक्सरे जांच के बाद जैसे ही शव को एम्बुलेंस से मोर्चरी हाउस लाया गया, बड़ी संख्या में जुटे परिजन और रिश्तेदार विरोध प्रदर्शन करते हुए बाहर बैठ गए। उन्होंने मांग की कि आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो और उनके मकानों पर बुलडोजर चलाया जाए, अन्यथा वे पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। अधिकारी परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी धर्मराज मीणा के निर्देश पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की चार विशेष टीमें बनाई गई हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
ये भी पढ़े: शेखपुरा में उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की पहचान और प्रबंधन पर प्रशिक्षण आयोजित

