Madhya Pradesh Cabinet Decisions : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रदेश के समग्र विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने बैठक के बाद निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए कुल 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है।
गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना को अनुसमर्थन
Madhya Pradesh Cabinet Decisions:पशुपालन एवं डेयरी विभाग के तहत संचालित ‘गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना’ के क्रियान्वयन को मंत्रि-परिषद ने मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना के एक पूर्व घटक के स्थान पर लाई गई इस योजना का लक्ष्य प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाकर मध्य प्रदेश को देश की ‘मिल्क कैपिटल’ बनाना तथा गिर, साहीवाल, थारपारकर और मालवी जैसी उन्नत देशी नस्लों का संरक्षण करना है।
- चरणबद्ध आयोजन: वर्ष 2026-27 में 208 ग्रामीण विधानसभाओं के चयनित ‘वृंदावन ग्राम’ में और वर्ष 2027-28 से 2030-31 तक सभी 313 विकासखंडों में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
- पात्रता व चयन: 6 लीटर या अधिक प्रतिदिन दूध देने वाली उन्नत देशी गाय रखने वाले गौपालक पात्र होंगे। तीन समय के दुग्ध उत्पादन के औसत के आधार पर विजेता चुने जाएंगे और हर वर्ष गोवर्धन पूजा पर पुरस्कार दिए जाएंगे।
- पुरस्कार राशि: प्रत्येक स्तर पर प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये, द्वितीय 50 हजार रुपये और तृतीय 25 हजार रुपये तय किया गया है। यह राशि पूरी तरह देशी गौवंश के क्रय, संरक्षण और संवर्धन में खर्च करनी होगी।
9 कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को 325 करोड़ रुपये की मदद
Madhya Pradesh Cabinet Decisions:मंत्रि-परिषद ने प्रदेश के 9 कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की वित्तीय स्थिति सुदृढ़ करने के लिए अंशपूंजी सहायता के रूप में 325 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं:
- 25 करोड़ रुपये प्रति बैंक: रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के जिला बैंकों को वित्तीय वर्ष 2026-27 में 25-25 करोड़ रुपये मिलेंगे।
- 50 करोड़ रुपये प्रति बैंक: रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के जिला बैंकों को चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में 50-50 करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी।
सहकारी समितियों के चुनाव एक वर्ष के लिए आगे बढ़े
Madhya Pradesh Cabinet Decisions:प्रदेश की बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के लंबित चुनावों की अवधि को एक वर्ष बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। अनकवर्ड ग्राम पंचायतों में पुनर्गठन प्रक्रिया जारी होने और कई नवगठित समितियों में कामकाज शुरू न होने के कारण यह कदम उठाया गया है। आवश्यकतानुसार विपणन समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव की अवधि भी आगे बढ़ाई जा सकेगी, जिससे निर्वाचित प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
46 हजार से अधिक घरों के विद्युतीकरण के लिए 193.72 करोड़ रुपये मंजूर
केंद्र सरकार की आरडीएसएस (RDSS) योजना के पहले चरण में 20 या उससे अधिक घरों वाली 1,834 बसाहटों (पूर्व, मध्य और पश्चिम क्षेत्र) के 46,574 अविद्युतीकृत घरों तथा 54 शासकीय सार्वजनिक संस्थानों के विद्युतीकरण के लिए 193 करोड़ 72 लाख रुपये की कार्ययोजना स्वीकृत की गई है।
- वित्त पोषण: इसमें केंद्र का 60% हिस्सा (116 करोड़ 24 लाख रुपये) और राज्य का 40% अंश (77 करोड़ 48 लाख रुपये) शामिल है।
- अतिरिक्त प्रावधान: 2 लाख रुपये प्रति घर तक की अनुमानित लागत वाली बसाहटों में बिजली ढांचा विकसित किया जाएगा। शेष राशि और केंद्रांश पर देय एसजीएसटी (SGST) वितरण कंपनियों को ऋण के रूप में मिलेगी, जबकि 20 से कम घरों वाली बसाहटों के विद्युतीकरण पर सैद्धांतिक सहमति दी गई है।
खनिज अन्वेषण के लिए राज्य खनिज निगम नोडल एजेंसी
Madhya Pradesh Cabinet Decisions:खनिज अन्वेषण नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मध्यप्रदेश राज्य खनिज निगम लिमिटेड को नोडल एजेंसी नियुक्त किया गया है और इसके पर्यवेक्षण का दायित्व निगम के संचालक मंडल को सौंपा गया है। निगम के माध्यम से पारदर्शी प्रक्रिया से बाह्य एजेंसियां नियुक्त कर एयरबोर्न व हेलीबोर्न सर्वे, भू-भौतिकीय व भू-रासायनिक सर्वेक्षण तथा ड्रिलिंग कार्य होंगे। मध्य व पश्चिमी क्षेत्र के तृतीय वर्ग क्षेत्र में तीन आधारभूत सर्वेक्षणों के आंकड़ों के विश्लेषण के आधार पर सर्वे कार्य वर्ष 2028 के अंत तक पूरा किया जाएगा।
सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं के लिए 3,059.07 करोड़ रुपये
Madhya Pradesh Cabinet Decisions:16वें वित्त आयोग की अवधि (वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31) के लिए सामान्य प्रशासन विभाग की 23 संचालित योजनाओं को जारी रखने हेतु 3,059 करोड़ 7 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें सचिवालय व्यवस्था, लोकतंत्र सेनानी सम्मान निधि, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पेंशन, मानव अधिकार आयोग अनुदान, क्वालिटी एश्योरेंस काउंसिल, मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार, मानदेय-भत्ते, आईटी कार्य और मुख्यमंत्री निवास परिसर में एनेक्सी निर्माण जैसे प्रावधान शामिल हैं।
मुख्यमंत्री विवेकाधीन अनुदान के लिए 1,165 करोड़ रुपये की स्वीकृति
Madhya Pradesh Cabinet Decisions:सामान्य प्रशासन विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री विवेकाधीन अनुदान योजना को 16वें वित्त आयोग की अवधि (वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31) तक निरंतर रखने के लिए 1 हजार 165 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
ओंकारेश्वर के ‘अद्वैत लोक’ के लिए 2,278.99 करोड़ रुपये मंजूर
Madhya Pradesh Cabinet Decisions:ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में ‘वेदान्त पीठ की स्थापना’ के अंतर्गत ‘अद्वैत लोक’ (शंकर संग्रहालय) के निर्माण के लिए 16वें वित्त आयोग की अवधि (वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31) हेतु 2,278 करोड़ 99 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यहां हाइस्क्रीन थियेटर, माया गैलरी, लेज़र लाइट वाटर एंड साउंड शो, अद्वैत नर्मदा विहार, निदिध्यासन केंद्र, कला वीथिका, शंकर स्तंभ, अन्नपूर्णा, कलाग्राम और पंचायतन मंदिर के माध्यम से आचार्य शंकर के जीवन, योगदान और अद्वैत वेदांत दर्शन को प्रदर्शित किया जाएगा।
read this:-24 नवंबर 2026 राशिफल: कार्तिक पूर्णिमा पर चमकेगी इन राशियों की किस्मत, धन लाभ के योग

