SP Congress Seat Sharing UP ElectionSP Congress Seat Sharing UP Election
Spread the love

SP Congress Seat Sharing UP Election:उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चर्चाओं के बीच कांग्रेस ने सपा को 120 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव सौंपा है और अपने पारंपरिक गढ़ माने जाने वाले रायबरेली व अमेठी की सभी सीटों पर दावा पेश किया है। दोनों दलों की समन्वय समिति की अगली बैठक आज दोपहर 12 बजे राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर तय है। इससे पहले सोमवार को हुई शुरुआती बैठक महज 20 मिनट में सिमट गई थी। अब अखिलेश यादव के सामने गठबंधन धर्म निभाने और अपनी पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं को साधने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

तीन श्रेणियों में बंटी है कांग्रेस की 120 सीटों की सूची

SP Congress Seat Sharing UP Election:सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने जो 120 सीटों की सूची सपा को दी है, उसे A, B और C तीन कैटेगरी में तैयार किया गया है। A कैटेगरी में 55 ऐसी सीटें रखी गई हैं, जिन पर कांग्रेस बेहद मजबूत स्थिति में चुनाव लड़ना चाहती है। B कैटेगरी में वे सीटें शामिल हैं, जहां बीते चुनावों या अतीत में पार्टी का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा है, जबकि C कैटेगरी में उन सीटों को जगह दी गई है, जहां कांग्रेस को जीतने की गुंजाइश दिख रही है। इसी सूची के आधार पर आगे की सीटों पर मोलभाव और मंथन होना है।

रायबरेली और अमेठी की सीटों पर पेंच फंसने के आसार

SP Congress Seat Sharing UP Election:सीट शेयरिंग में रायबरेली और अमेठी सबसे संवेदनशील और अहम मुद्दा बनकर उभर सकते हैं। कांग्रेस इन दोनों जिलों की सभी विधानसभा सीटों पर खुद चुनाव लड़ना चाहती है। हालांकि, मौजूदा समय में यूपी विधानसभा में कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं है, जबकि 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने रायबरेली और अमेठी की 10 में से 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी। ऐसे में यदि सपा ये सीटें छोड़ती है, तो अखिलेश यादव को अपने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की नाराजगी झेलनी पड़ सकती है।

‘सीटों की गिनती नहीं, जीत की क्षमता है अहम’

SP Congress Seat Sharing UP Election:सपा प्रमुख अखिलेश यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उनके लिए सीटों की संख्या से अधिक उम्मीदवार की जिताऊ क्षमता मायने रखती है—जो जहां से जीतने की स्थिति में हो, उसे वहीं से मैदान में उतारना चाहिए। कांग्रेस भी इसी फार्मूले पर सहमति जता रही है। दोनों पक्षों के नेता गठबंधन में सबकुछ सहज होने और जल्द समझौते का दावा कर रहे हैं। हालांकि, पहली बैठक में प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल के न पहुंचने को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं रहीं।

गठबंधन बचाने के लिए कुछ सीटें छोड़ सकती है सपा?

SP Congress Seat Sharing UP Election:सीटों के बंटवारे को लेकर सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव और कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम समेत अन्य पदाधिकारियों के बीच संवाद जारी है। अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, तालमेल बैठाने के लिए सपा को कुछ सीटों पर लचीला रुख अपनाना पड़ सकता है। सपा नेता आजम खान भी संकेत दे चुके हैं कि गठबंधन को मजबूती देने के लिए जरूरत पड़ने पर पार्टी कुछ त्याग करने से पीछे नहीं हटेगी। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अखिलेश यादव कांग्रेस की किस मांग पर मुहर लगाते हैं और कांग्रेस किन सीटों से पीछे हटती है।

महज 20 मिनट की बैठक पर विपक्ष के तीखे वार

SP Congress Seat Sharing UP Election:सोमवार को हुई बैठक के करीब 20 मिनट में ही समाप्त हो जाने पर विरोधी दलों ने चुटकी ली है। प्रदेश सरकार के मंत्री दानिश अंसारी ने तंज कसते हुए कहा कि दोनों दलों में कोई किसी की बात सुनने को तैयार नहीं है, इसीलिए चर्चा जल्दी खत्म हो गई। सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने बैठक में शिवपाल यादव की अनुपस्थिति पर सवाल खड़े किए, वहीं एआईएमआईएम प्रवक्ता शादाब चौहान ने भी सीट बंटवारे की रफ्तार पर निशाना साधा। विपक्षी नेताओं का कहना है कि 403 सीटों वाले प्रदेश में इतनी कम देर की बैठक गठबंधन की गंभीरता पर सवाल खड़े करती है।

read this:-Greater Noida Cylinder Blast: गैस रिसाव के बाद सिलेंडर फटने से पिता-पुत्र की मौत, बहू और मासूम पोता झुलसे