Delhi Police Crypto Phishing Scam:दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ने फर्जी पीयर-टू-पीयर (P2P) लेनदेन और फिशिंग लिंक के जरिए क्रिप्टोकरेंसी कारोबारियों को शिकार बनाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में कथित मुख्य साजिशकर्ता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि गिरोह ने एक ट्रेडर के क्रिप्टो वॉलेट से 4,985 USDT (लगभग 5 लाख रुपये) की रकम उड़ा ली थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित को ठगी की पूरी राशि वापस दिला दी गई है।
फिशिंग लिंक के जरिए वॉलेट में सेंधमारी
Delhi Police Crypto Phishing Scam:मंगलवार को जानकारी देते हुए दिल्ली पुलिस ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम जिले के साइबर पुलिस स्टेशन की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपियों पर नकली Binance P2P ट्रांजैक्शन और फिशिंग लिंक के माध्यम से ट्रेडर के डिजिटल वॉलेट में अवैध रूप से घुसपैठ कर 4,985 USDT ट्रांसफर करने का आरोप है। छानबीन के दौरान पुलिस ने 1.62 लाख रुपये नकद, 11 मोबाइल फोन, एक आईपैड, एक वाई-फाई राउटर और छह सिम कार्ड जब्त किए हैं।
जून में हुई वारदात, जुलाई में दर्ज हुई शिकायत
Delhi Police Crypto Phishing Scam:पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ने 2 जुलाई 2026 को साइबर सेल में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 6 जून को वह Binance P2P के माध्यम से USDT बेचने का प्रयास कर रहा था, तभी एक शख्स ने खरीदार बनकर उससे संपर्क किया और बातचीत को व्हाट्सएप पर ले गया। क्रिप्टो खरीदने के नाम पर आरोपी ने उसे एक फिशिंग लिंक भेजा। उस लिंक पर क्लिक करते ही वॉलेट से पूरे 4,985 USDT गायब हो गए।
अलवर और जयपुर से दिल्ली तक चला गिरफ्तारी अभियान
Delhi Police Crypto Phishing Scam:तफ्तीश के दौरान पुलिस ने सीडीआर (CDR), आईपीडीआर (IPDR) और व्हाट्सएप नंबरों की तकनीकी जांच की, जिससे राजस्थान के अलवर में सक्रिय गिरोह का सुराग मिला। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क का तालमेल अतुल मीणा संभाल रहा था। अलवर में उसके ठिकाने पर दबिश देकर 1.62 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल, एक आईपैड, एक जियो वाई-फाई राउटर और पांच सिम कार्ड बरामद किए गए।
इसके बाद मिले डिजिटल और तकनीकी संकेतों के आधार पर टीम जयपुर पहुंची, जहां से जगमोहन मीणा, नरेंद्र कुमार मीणा और मनीष मीणा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए। वहीं, गिरफ्तारी से बच रहे कथित मास्टरमाइंड अतुल मीणा को दिल्ली के धौला कुआं इलाके के पास से दबोच लिया गया।
किराये के अकाउंट और फिशिंग लिंक से ऐसे रचते थे ठगी की साजिश
Delhi Police Crypto Phishing Scam:पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अलवर के आसपास के गांवों के युवाओं को कमाई में हिस्सा देने का प्रलोभन देकर अपने साथ जोड़ते थे। ये मददगार इंस्टाग्राम पर विज्ञापन चलाकर किराये पर Binance अकाउंट लेते थे, नए सिम कार्ड खरीदते थे और USDT बेचने वालों से जुड़ने के लिए व्हाट्सएप अकाउंट तैयार करते थे।
जैसे ही कोई ट्रेडर विज्ञापन पर जवाब देता, उसका नंबर अतुल मीणा को भेज दिया जाता था। इसके बाद अतुल खुद को भरोसेमंद खरीदार बताकर पीड़ित को फिशिंग लिंक भेजता और उसके क्रिप्टो वॉलेट का एक्सेस हासिल कर पूरी रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर लेता था।

