GwaliorGwalior
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Gwalior : मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के भितरवार में बुधवार देर रात एक अजीबोगरीब हादसा सामने आया। करीब 1500 पेटी देसी शराब लेकर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे पुलिस थाने के परिसर में जा घुसा। ट्रक ने थाने की बाउंड्रीवॉल को तोड़ दिया। गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई पुलिसकर्मी या अन्य व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

भिंड से पिछोर जा रहा था शराब से भरा ट्रक

Gwalior जानकारी के मुताबिक, देसी शराब से लदा ट्रक भिंड जिले से शिवपुरी के पिछोर की ओर जा रहा था। वाहन को सुबह 3 बजकर 21 मिनट तक पिछोर पहुंचना था, लेकिन रास्ते में देरी हो गई। बताया जा रहा है कि तय समय पर माल पहुंचाने की जल्दबाजी में चालक ने ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी। इसी दौरान वाहन पर से उसका नियंत्रण हट गया और ट्रक भितरवार पुलिस थाने की दीवार तोड़कर अंदर जा घुसा।

हादसे के बाद थाने में मौजूद पुलिसकर्मी बाहर पहुंचे तो परिसर में शराब से भरा ट्रक खड़ा मिला। ट्रक में लगभग 1500 पेटी देसी शराब लदी हुई थी।

सीहोर निवासी चालक से मिले परिवहन दस्तावेज, जांच जारी

Gwalior पुलिस ने ट्रक चालक की पहचान सीहोर निवासी नरेश गिरी के रूप में की है। घटना के बाद वाहन को जब्त कर लिया गया। चालक ने शराब के परिवहन से संबंधित कुछ दस्तावेज भी पुलिस को दिखाए हैं। अब इन दस्तावेजों की वैधता और आबकारी नियमों के पालन की पुष्टि विभाग से कराई जा रही है।

जांच में यह बात भी सामने आई है कि निर्धारित समय से देरी होने के बावजूद चालक ने पुलिस और आबकारी विभाग को इसकी सूचना नहीं दी थी। नियमानुसार शराब परिवहन के दौरान तय समय में बदलाव या देरी होने पर संबंधित विभागों को जानकारी देना जरूरी होता है।

चालक ने शराब पी थी या नहीं, इसकी भी होगी जांच

Gwalior पुलिस हादसे के पीछे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। इसमें यह पता लगाया जा रहा है कि ट्रक चलाते समय चालक नशे में था या नहीं। इसके अलावा वाहन में मौजूद शराब की पेटियों की वास्तविक संख्या का मिलान परिवहन से जुड़े दस्तावेजों से किया जा रहा है।

हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि पुलिस थाने की बाउंड्रीवॉल को नुकसान पहुंचा है। घटना की जानकारी आबकारी विभाग को भी दे दी गई है। फिलहाल पुलिस ने चालक नरेश गिरी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़े: दतिया में सीएमएचओ कार्यालय के अकाउंटेंट के साथ मारपीट, शराब के लिए पैसे न देने पर दिया घटना को अंजाम