रिपोर्टर: रंजीत सिंह
AIIMS Bhopal Medicine Scam : राजधानी के प्रतिष्ठित संस्थान एम्स भोपाल में दवाओं और मेडिकल उपकरणों की खरीद में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं और भारी गड़बड़ियों के आरोप सामने आए हैं। हाल ही में सामने आई एक आंतरिक जांच रिपोर्ट ने अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है, क्योंकि इसमें कई दवाएं और सर्जिकल सामान बाजार मूल्य से कई गुना अधिक दामों पर खरीदे जाने का खुलासा हुआ है। सबसे चौंकाने वाला मामला एक हाई प्रेशर एक्सटेंशन ट्यूब का है, जिसकी तुलनात्मक बाजार कीमत मात्र 14.27 रुपए थी, लेकिन एम्स में इसे 943.49 रुपए की भारी-भरकम कीमत पर खरीदा गया।

125 से ज्यादा दवाएं और 200 मेडिकल आइटम अत्यधिक दरों पर खरीदे गए
AIIMS Bhopal Medicine Scam जांच रिपोर्ट के अनुसार, एम्स में 125 से अधिक प्रकार की दवाएं और 200 से ज्यादा सर्जिकल व मेडिकल आइटम्स की खरीद में व्यापक अंतर पाया गया है। कई जरूरी सामान बाजार दरों की तुलना में 550 प्रतिशत से लेकर 6500 प्रतिशत तक अधिक कीमत पर खरीदे गए। उदाहरण के लिए, खून का बहाव रोकने और प्रसव के बाद रक्तस्राव को नियंत्रित करने वाले महत्वपूर्ण इंजेक्शनों के दाम भी काफी बढ़े हुए मिले। इसके अलावा, न्यूरोलॉजी विभाग से जुड़े आईवी सेट और प्लेन शीट जैसी सामान्य चिकित्सा सामग्री के बिल भी वास्तविक कीमत से कई गुना बढ़ाकर बनाए जाने के मामले उजागर हुए हैं।
तत्कालीन निदेशक के पत्र पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मांगा जवाब
AIIMS Bhopal Medicine Scam इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब एम्स भोपाल के तत्कालीन कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने 31 मई 2025 को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव को पत्र लिखकर अमृत फार्मेसी की महंगी दरों पर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने बताया था कि अमृत फार्मेसी से मिलने वाली कई दवाएं खुले बाजार की तुलना में बहुत महंगी हैं, जिससे विशेष रूप से आयुष्मान भारत योजना के तहत आने वाले मरीजों के इलाज पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ रहा है।
इस गंभीर शिकायत के आधार पर अब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एम्स प्रबंधन से जवाब तलब किया है कि यह खरीदारी किस जनरल फाइनेंशियल रूल (GFR) के तहत और किन टेंडर प्रक्रियाओं का पालन करके की गई थी।
अमृत फार्मेसी की भूमिका और ड्रग स्टोर की व्यवस्था पर उठे सवाल
AIIMS Bhopal Medicine Scam अमृत फार्मेसी की स्थापना का मुख्य उद्देश्य मरीजों को कम कीमत पर उच्च गुणवत्ता वाली दवाएं उपलब्ध कराना था, लेकिन एम्स में इसके ठीक उलट स्थिति देखने को मिली। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि मार्च 2025 तक संस्थान के सेंट्रल ड्रग स्टोर के पास केवल 13 रेट कॉन्ट्रैक्ट थे, जिसके कारण सीधे सप्लायरों से पारदर्शी तरीके से दवाएं खरीदने में कठिनाई आ रही थी। नतीजतन, संस्थान की 80 प्रतिशत से अधिक जरूरतें अमृत फार्मेसी से पूरी की गईं।
हालांकि, बढ़ते विवाद के बाद अब प्रबंधन ने रेट कॉन्ट्रैक्ट्स की संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, लेकिन महंगी दरों पर हुई इस खरीदारी ने अस्पताल की आंतरिक वित्तीय पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़े: औरंगाबाद: भगवान भास्कर की नगरी देव में चार दिवसीय कार्तिक छठ मेला का भव्य उद्घाटन

