Hyderabad Fake Currency:तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में पुलिस और विशेष सुरक्षा बलों ने एक बहुत बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने नकली भारतीय मुद्रा (करेंसी) छापने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 500-500 रुपये के कुल 6.78 करोड़ रुपये के जाली नोट बरामद किए गए हैं। इसके अलावा मौके से नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
फ्यूचर सिटी पुलिस और SOT की संयुक्त कार्रवाई
Hyderabad Fake Currency:पुलिस आयुक्त डॉ. तरुण जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि अब्दुल्लापुरमेट पुलिस और शादनगर स्पेशल ऑपरेशंस टीम (SOT) ने एक संयुक्त अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-65 पर रामोजी फिल्म सिटी के पास एक संदिग्ध कार को रोककर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों की पहचान मदुपोजू कर्नाकर, चिननोला माणिक्य रेड्डी, चेरुकुपेल्ली रत्नाकर रेड्डी और करनम अजय कुमार के रूप में हुई है।
किराये के मकान में चल रही थी प्रिंटिंग यूनिट
Hyderabad Fake Currency:पुलिस की पूछताछ और जांच में सामने आया है कि ये शातिर आरोपी हैदराबाद के बाहरी इलाके कुंटलूर में एक किराये का मकान लेकर वहां अवैध रूप से नकली नोटों की फैक्ट्री चला रहे थे। इस यूनिट में बाकायदा प्रिंटर, लैपटॉप और करेंसी कटिंग मशीनों का इस्तेमाल करके 500 रुपये के उच्च गुणवत्ता वाले जाली नोट तैयार किए जा रहे थे।
फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को बनाते थे निशाना
Hyderabad Fake Currency :इस गिरोह का तरीका बेहद खतरनाक था। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी फर्जी पुलिस पहचान पत्र, वॉकी-टॉकी और नकली पिस्तौल का उपयोग करके खुद को पुलिसकर्मी बताते थे। इसके जरिए वे आम लोगों को डरा-धमका कर उनसे ठगी और अवैध वसूली का काम भी करते थे।
फिलहाल पुलिस आयुक्त डॉ. तरुण जोशी का कहना है कि मामले की तह तक जाने के लिए गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं तथा जाली नोटों को बाजार में खपाने के लिए इनका कौन सा नेटवर्क सक्रिय था।
