रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Raipur : छत्तीसगढ़ में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी बड़ी कानूनी मुश्किलों में फंसते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर देश के शीर्ष संवैधानिक पदों पर बैठे दिग्गजों के मुखौटे लगाकर कथित तौर पर अश्लील और आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के मामले में रायपुर के सिविल लाइन थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इस मामले के सामने आने के बाद राज्य की सियासत में जबरदस्त भूचाल आ गया है।
भाजपा नेताओं की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज
Raipur भाजपा रायपुर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और भाजयुमो पदाधिकारियों के साथ 3 नवंबर की देर रात सिविल लाइन थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अमित जोगी द्वारा सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए वीडियो से राजनीतिक हलकों में भारी रोष है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन एफआईआर दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम और फेसबुक पर वीडियो वायरल होने का दावा
Raipur शिकायत के मुताबिक, 2 नवंबर को इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अमित जोगी की आईडी से एक वीडियो शेयर किया गया था। आरोप है कि इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त जैसे सर्वोच्च पदों पर आसीन महानुभावों के चेहरे के मुखौटों का इस्तेमाल किया गया है। वीडियो में हनीमून और अन्य आपत्तिजनक दृश्यों के जरिए इन संवैधानिक पदों की गरिमा और प्रतिष्ठा को धूमिल करने का गंभीर प्रयास किया गया है।
गरिमा को ठेस और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का आरोप
Raipur भाजपा नेताओं का कहना है कि इस प्रकार की अमर्यादित और आपत्तिजनक सामग्री से देश के उच्च संवैधानिक पदों की गरिमा को गहरी ठेस पहुंची है। इससे समाज में न सिर्फ गलत संदेश गया है बल्कि राजनीतिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था पर भी बुरा असर पड़ सकता है। फिलहाल पुलिस वीडियो के तकनीकी पहलुओं, सोशल मीडिया अकाउंट और इसमें संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है।
ये भी पढे: मुरैना में कॉलेज की पुरानी रंजिश का खौफनाक रूप: ओवरब्रिज पर बस रुकवाकर छात्रों से मारपीट और पथराव

